केजरीवाल ने तानाशाही ताकतों को ललकारा: सुनीता केजरीवाल

img

नई दिल्ली, शुक्रवार, 29 मार्च 2024। दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि उनके पति के रोम रोम में देशभक्ति है और उन्होंने देश के सबसे भ्रष्टाचारी और तानाशाही ताकतों को ललकारा है। श्रीमती सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि गुरुवार को श्री अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट में अपना पक्ष रखा था। पूरे देश ने सुना। अगर किसी ने अरविंद केजरीवाल के कोर्ट में रखा गया पक्ष नहीं सुना है तो वो जरूर सुनें। उन्होंने कोर्ट के सामने जो कुछ बोला, उसके लिए बहुत हिम्मत चाहिए। अरविंद केजरीवाल सच्चे देशभक्त हैं। बिल्कुल ऐसे ही स्वतंत्रता सेनानी भी अंग्रेजों की तानाशाही से लड़ते थे।

उन्होंने कहा कि श्री अरविंद केजरीवाल की देशभक्ति उनके रोम-रोम में बसी हुई है। अरविंद केजरीवाल ने देश के सबसे भ्रष्टाचारी और तानाशाही ताकतों को ललकारा है। उन्होंने दिल्लीवालों से कहा कि आपने श्री अरविंद केजरीवाल को अपना भाई-अपना बेटा कहा है। क्या इस लड़ाई में आप अपने भाई-अपने बेटे का साथ नहीं देंगे। हमें पूरा विश्वास है कि हम सब साथ मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे। श्रीमती सुनीता केजरीवाल ने दो वाट्सएप नंबर 8297324624 और 9700297002 जारी किया। उन्होंने कहा कि आज से हम एक अभियान शुरू कर रहे हैं। इस अभियान का नाम ''केजरीवाल को आशीर्वाद'' है। इस वाट्सएप नंबर पर श्री अरविंद केजरीवाल को आप अपना आशीर्वाद, शुभकामनाएं, दुआएं व प्रार्थना भेज सकते हैं। अगर कोई और भी संदेश देना चाहें तो वो भी दे सकते हैं। दिल्ली में कई माताओं ने तो अपने बेटे के लिए मन्नत मांगी है। कई बहनों ने भी अपने भाई के लिए मन्नत मांगी है। वह भी दिए गए वाट्सएप नंबर पर लिखकर अपना संदेश भेजें।

उन्होंने कहा कि आपको संदेश भेजने के लिए आप का सदस्य होने की जरूरत नहीं है। आप किसी भी पार्टी से हों या नहीं हों, आप श्री अरविंद केजरीवाल को संदेश जरूर भेजें। सभी युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे, अमीर-गरीब सब लोग अपने भाई- अपने बेटे अरविंद केजरीवाल को कुछ न कुछ लिखकर जरूर भेजें।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement