कांग्रेस नेता सतीशन ने विजयन पर भाजपा के लिए ‘गुंजाइश’ बनाने का आरोप लगाया
तिरुवनंतपुरम, सोमवार, 18 मार्च 2024। लोकसभा चुनाव के वास्ते प्रचार अभियान के गति पकड़ने के साथ ही केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने सोमवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए ‘गुंजाइश’ बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। तिरुवनंतपुरम के समीप अत्तिंगल में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सतीशन ने दृढ़तापूर्वक कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव के दौरान राज्य में अपना पैर नहीं जमा पायेगी।
उन्होंने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के संयोजक ई पी जयराजन के पिछले बयान का भी हवाला दिया कि केरल में कई निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा दूसरे नंबर पर आयेगी और उसके कई प्रत्याशी अच्छे हैं। उन्होंने कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता जयराजन ने जो कुछ कहा है, वैसा कोई विचार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन या उनकी पार्टी ने व्यक्त नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विजयन केंद्र में सत्तारूढ़ ‘भाजपा को तुष्ट करने’ के वास्ते ‘बेचारे’ जयराजन को ऐसा बयान देने के लिए बाध्य कर रहे हैं। सतीशन ने कहा कि विजयन विभिन्न मामलों में जांच को लेकर आशंकित हैं, इसलिए वह ‘‘भाजपा के लिए गुजाइंश पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि न तो माकपा ने और न ही मुख्यमंत्री ने इन आरोपों पर कोई जवाब दिया है।
त्रिशूर लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले का उल्लेख करते हुए सतीशन ने दावा किया कि मध्य केरल की इस सीट पर संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का उम्मीदवार विजयी होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा केरल में कहीं पैर नहीं जमा पायेगी। यदि भाजपा और माकपा आपस में हाथ मिला लेती हैं तो भी यूडीएफ उम्मीदवार त्रिशूर में विजयी होगा। वे दूसरे नंबर पर भी नहीं आयेंगे। अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी (भाजपा), वरिष्ठ कांग्रेस नेता और वटकारा से सांसद के मुरलीधरन और पूर्व मंत्री एवं भाकपा नेता वी एस सुनील कुमार त्रिशूर लोकसभा सीट से प्रत्याशी हैं। सतीशन ने तिरुवनंतपुरम से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के साथ जयराजन के कारोबारी रिश्ते के बारे में अपना आरोप दोहराया। दोनों ही नेताओं ने इस आरोप का खंडन किया है।
Similar Post
-
मैं और सिद्धरमैया नेतृत्व मुद्दे पर आलाकमान के हर फैसले का पालन करेंगे : शिवकुमार
बेंगलुरु, रविवार, 26 अप्रैल 2026। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.क ...
-
तेलंगाना में चारमीनार एक्सप्रेस को डिब्बे के पहिये से धुआं निकलने के बाद रोका गया
हैदराबाद, रविवार, 26 अप्रैल 2026। चारमीनार एक्सप्रेस के एक डिब् ...
-
अहमदाबाद में प्लास्टिक फैक्टरी में आग लगी
अहमदाबाद, रविवार, 26 अप्रैल 2026। गुजरात के अहमदाबाद में रविवार ...
