आप-कांग्रेस गठबंधन हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करेगा: आप नेता सुशील गुप्ता
चंडीगढ़, रविवार, 03 मार्च 2024। आम आदमी पार्टी (आप) की हरियाणा इकाई के प्रमुख सुशील गुप्ता ने रविवार को विश्वास जताया कि आप-कांग्रेस गठबंधन राज्य की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करेगा। गुप्ता ने दावा किया कि लोग केंद्र और हरियाणा, दोनों जगह बदलाव चाहते हैं। आप और कांग्रेस विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दल हैं जिसका गठन आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए किया गया है। दोनों दलों ने एक सप्ताह पहले दिल्ली, गुजरात, गोवा और हरियाणा के लिए सीट बंटवारे की घोषणा की थी। समझौते के तहत आप ने गुप्ता को कुरुक्षेत्र से मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस हरियाणा की शेष नौ सीट पर चुनाव लड़ रही है। दोनों दलों के बीच समझौते के बारे में पूछे जाने पर गुप्ता ने कहा,‘‘ हम सभी 10 सीट जीतेंगे।’’ उन्होंने कहा,‘‘दोनों दलों का प्रत्येक कार्यकर्ता कड़ी मेहनत कर रहा है। इसके अलावा हमें (भूपिंदर सिंह) हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, किरण चौधरी, कुमारी सैलजा और कुरुक्षेत्र निर्वाचन क्षेत्र के स्थानीय नेताओं का पूरा समर्थन मिल रहा है।’’
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा की सभी 10 सीट पर जीत हासिल की थी। पिछले वर्ष सांसद रतन लाल कटारिया के निधन से अंबाला सीट रिक्त है। गुप्ता ने कहा कि कुरुक्षेत्र में धर्म युद्ध होगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह भ्रष्टाचार के खिलाफ होगा, उन्होंने (भाजपा) किसानों के साथ जो किया उसके खिलाफ और मादक पदार्थ के खतरों के खिलाफ होगा।’’ गुप्ता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वे लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं। हर कोई जानता है कि पिछले महीने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में क्या हुआ। बेरोजगारी राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा है। लोग यह भी देख रहे हैं कि भाजपा कैसे विपक्षी नेताओं पर निशाना साध रही है।’’
Similar Post
-
सीजेपी चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं: दीपके
नागपुर, मंगलवार, 16 जून 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस् ...
-
अयोध्या में सक्रिय "सनातन विरोधी" गिरोह का पता लगाने के लिए गहन जांच होनी चाहिए: अखिलेश
लखनऊ, मंगलवार, 16 जून 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध ...
-
ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट पर विधानसभा चुनाव नतीजे को कलकत्ता उच्च न्यायालय में चुनौती दी
कोलकाता, मंगलवार, 16 जून 2026। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर् ...
