ईडी ने पूर्व मंत्री सिंह के आवास पर छापा मारा
देहरादून, बुधवार, 07 फ़रवरी 2024। उत्तराखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री हरक सिंह के आवास तथा अन्य ठिकानों पर छापा मारा। हरक के अलावा बारह अन्य लोगों के ठिकानों पर भी छापे की कार्रवाई चल रही है। ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत छापे की कार्रवाई की है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम श्री हरक सिंह के डिफेंस कॉलोनी आवास पर पहुंची और आवश्यक दस्तावेज खंगाले। इसके अलावा मेडिकल कालेज एवं अन्य संस्थान के निदेशक तथा अधिकारियों से पूछताछ चल रही है।
इसके अलावा पूर्व मंत्री से जुड़े कुछ अन्य ठिकानों पर भी ईडी ने दबिश दी है। समाचार लिखे जाने तक छापे की कार्रवाई जारी थी। गौरतलब है कि बीते साल विजिलेंस की टीम ने भी छापे की कार्रवाई की थी। कार्बेट टाइगर रिज़र्व के पाखरो सफारी टाइगर घपले में पूर्व वन मंत्री श्री हरक सिंह समेत कई अधिकारियों पर जांच एजेंसियों की निगाहें हैं। कुछ अधिकारियों पर भी कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पूर्व श्री हरक सिंह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ वापस कांग्रेस में आ गए थे। 2016 में हरीश रावत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिराने में हरक सिंह की विशेष भूमिका रही थी।
Similar Post
-
मध्यप्रदेश के भिंड में ट्रक और ‘डंपर’ की टक्कर में आठ मज़दूरों की मौत, 32 घायल
भिंड/लखीमपुर खीरी (उप्र), मंगलवार, 18 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश के भ ...
-
केंद्र सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पिछले 5 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों पर कुल 557 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं
नई दिल्ली, मंगलवार, 18 अगस्त 2026। संसद के मानसून सत्र के दौरान व ...
-
दिल्ली को मिली 200 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात
नई दिल्ली, मंगलवार, 18 अगस्त 2026। राष्ट्रीय राजधानी की सार्वजन ...
