हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी : विपक्षी दलों ने सरकार पर आवाज दबाने का आरोप लगाया

img

नई दिल्ली, गुरुवार, 01 फ़रवरी 2024। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को धन शोधन के आरोप में गिरफ्तार किये जाने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों के नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत सरकार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी एजेंसियों के माध्यम से विपक्ष की आवाज दबा रही है। हालांकि, भाजपा नेताओं ने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कानून के मुताबिक गिरफ्तार किया गया है। तेजी से बदलते घटनाक्रम में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष को सात घंटे से अधिक की पूछताछ के बाद भूमि संबंधी कथित धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में बुधवार रात ईडी ने गिरफ्तार कर लिया। झामुमो विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल है। लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए ‘इंडिया’ समूह में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और समाजवादी पार्टी (सपा) जैसे विपक्षी दल शामिल हैं।

झामुमो नेता की गिरफ्तारी पर टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा, ‘‘यह कदम विपक्ष को दबाने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है। ईडी और सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) विपक्ष को दबाने के लिए सरकार के मुख्य हथियार हैं।’’ सोरेन ने अपनी गिरफ्तारी से पहले इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए अदालत का रुख किया है। कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने कहा कि यह ‘‘चुनावी मौसम है और ईडी को किसी कारण की आवश्यकता नहीं है।’’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सांसद फौजिया खान ने सवाल किया कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां केवल विपक्षी नेताओं पर छापे क्यों मारती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इतने दिनों में यह स्पष्ट हो गया है कि ईडी, आयकर विभाग के छापे विपक्ष के सदस्यों के खिलाफ हो रहे हैं। भाजपा एक वॉशिंग मशीन की तरह है, यदि आप उस तरफ जाते हैं तो आप साफ हो जाते हैं और यदि आप विपक्ष में जाते हैं तो आपको गिरफ्तार कर लिया जाता है।’’ आप नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष पर हमला करने का एक प्रयास है। मुझे यकीन है कि अगले एक महीने में कई और विपक्षी नेता गिरफ्तार होंगे।’’

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि जो नेता भाजपा के सामने नहीं झुकते उन्हें सलाखों के पीछे डाल दिया जाता है। आप की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि सोरेन को गिरफ्तार करवाकर भाजपा ने अपनी ‘‘आदिवासी विरोधी’’ मानसिकता का परिचय दिया है। वहीं, भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सोरेन भ्रष्टाचार में लिप्त थे। हजारीबाग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जयंत सिन्हा ने कहा, ‘‘हेमंत सोरेन कहते रहे कि अगर उन्होंने कुछ गलत किया है तो उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए…उन्हें गिरफ्तार किया गया क्योंकि उन्होंने कुछ गलत किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम झारखंड के लोग देख सकते हैं कि यह सरकार कितनी भ्रष्ट है।’’ भाजपा नेता पी पी चौधरी ने कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘चाहे वह मुख्यमंत्री हों या कोई और, कोई भी देश के कानून से ऊपर नहीं है। अगर उन्होंने कोई आर्थिक अपराध किया है, तो कार्रवाई करना एजेंसियों का काम है।’’ भाजपा की सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के नेता और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि ईडी स्वतंत्र एजेंसी है। उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष आरोप लगा सकता है, लेकिन ईडी एक स्वतंत्र एजेंसी है। उन्हें बहुत पहले ही गिरफ्तार कर लिया जाना चाहिए था। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।’’

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement