नीतीश के महागठबंधन से अलग होने की राजद और कांग्रेस की झारखंड इकाई ने की निंदा
रांची, रविवार, 28 जनवरी 2024। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस की झारखंड इकाइयों ने रविवार को बिहार में महागठबंधन को छोड़ने और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए नीतीश कुमार की निंदा की और उन्हें ‘‘अवसरवादी’’ करार दिया। कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि जनता भविष्य में नीतीश को सबक सिखाएगी। राजद की झारखंड इकाई के महासचिव मनोज यादव ने नीतीश कुमार को ‘‘अवसरवादी’’ करार देते हुए कहा कि बिहार के लोग विधानसभा चुनाव में नीतीश को करारा जवाब देंगे। पार्टी की राज्य इकाई के प्रवक्ता मनोज यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पाला बदलने की एक सीमा होती है, लेकिन नीतीश कुमार ने सभी सीमाएं लांघ दी हैं। हालांकि यह राजद के लिए अच्छा है। लोग अब उनके चरित्र से अवगत हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आगामी विधानसभा चुनाव में राजद बहुमत से जीतेगी, क्योंकि जनता दल (यूनाइटेड) और भाजपा बिहार में अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है।’’ ठाकुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कुमार ने बार-बार पाला बदलकर स्वयं की एक ‘‘अवसरवादी’’ की छवि बना ली है। उन्होंने कहा, ‘‘हिंदी में एक कहावत है- ‘जिधर देखा खीर, वहां गए फिर’ और यह नीतीश कुमार पर सटीक बैठती है।’’ ठाकुर ने कहा, ‘‘लोग उन्हें जानते हैं और वे उन्हें सबक सिखाएंगे। एक नीतीश कुमार के जाने से विपक्षी गुट ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।’’
ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘सत्ता की भूखी’’ है और उसका लोगों के कल्याण से कोई लेना-देना नहीं है। नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्हें ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) और ‘महागठबंधन’ में ‘‘स्थिति ठीक नहीं लग रही थी’’ इसलिए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ नया गठबंधन और नई सरकार बनाने का निर्णय लिया। नीतीश 18 महीने पहले भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को छोड़कर महागठबंधन में शामिल हुए थे। कुमार के शाम तक नयी सरकार का गठन करने की संभावना है।
Similar Post
-
मैं और सिद्धरमैया नेतृत्व मुद्दे पर आलाकमान के हर फैसले का पालन करेंगे : शिवकुमार
बेंगलुरु, रविवार, 26 अप्रैल 2026। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.क ...
-
तेलंगाना में चारमीनार एक्सप्रेस को डिब्बे के पहिये से धुआं निकलने के बाद रोका गया
हैदराबाद, रविवार, 26 अप्रैल 2026। चारमीनार एक्सप्रेस के एक डिब् ...
-
अहमदाबाद में प्लास्टिक फैक्टरी में आग लगी
अहमदाबाद, रविवार, 26 अप्रैल 2026। गुजरात के अहमदाबाद में रविवार ...
