अवाडा समूह गुजरात में हाइब्रिड नवीकरणीय परियोजनाओं में 40,000 करोड़ रुपये का करेगा निवेश
अवाडा समूह ने गुजरात में 6,000 मेगावाट की हाइब्रिड पवन-सौर परियोजनाएं विकसित करने के लिए 40,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जतायी है। कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, 10 से 12 जनवरी तक गांधीनगर में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन-2024 के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की उपस्थिति में अवाडा समूह ने गुजरात सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस रणनीतिक गठबंधन का लक्ष्य राज्य में करीब 40,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ कुल 6,000 मेगावाट (6 गीगावॉट) क्षमता वाली हाइब्रिड पवन-सौर परियोजनाएं स्थापित करना है। अवाडा समूह के चेयरपर्सन विनीत मित्तल ने बयान में कहा, ‘‘ यह रणनीतिक साझेदारी एक मजबूत, स्वच्छ ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसके अलावा हम पहले से ही दो गीगावॉट क्षमता की परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं जो गुजरात राज्य में चालू हैं या कार्यान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं।’’ अवाडा समूह सौर मॉड्यूल, नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और हरित हाइड्रोजन, हरित मेथनॉल, हरित अमोनिया तथा टिकाऊ विमानन ईंधन के लिए बड़े पैमाने पर परियोजनाओं के विकास का काम करता है।
Similar Post
-
रुपया दो पैसे की मामूली गिरावट के साथ 94.97 प्रति डॉलर पर
मुंबई, बुधवार, 02 सितंबर 2026। रुपये ने बुधवार को सीमित दायरे मे ...
-
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से सात का बाजार पूंजीकरण 1.13 लाख करोड़ रुपये घटा
स्थानीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह जारी गिरावट के बीच सेंसेक्स की ...
-
रुपया शुरुआती कारोबार में 17 पैसे मजबूत होकर 95.56 प्रति डॉलर पर
मुंबई, गुरुवार, 20 अगस्त 2026। रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कार ...
