मिजोरम चुनाव में कांग्रेस 25 से अधिक सीट जीतेगी : लालसावता

img

आइजोल, शनिवार, 04 नवम्बर 2023। कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख लालसावता ने सात नवंबर को मिजोरम में होने वाले चुनाव में 40 विधानसभा सीट में से कम से कम 25 सीट पर कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी सत्ता हासिल करने के बाद भ्रष्टाचार खत्म करने और सुशासन लाने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाएगी। अनुभवी नेता लालसावता (77) ने दावा किया कि केवल कांग्रेस ही मिजोरम को ‘‘वित्तीय कुप्रबंधन’’ से बाहर निकाल सकती है। उन्होंने कांग्रेस के सत्ता में लौटने पर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) शुरू करने का वादा किया। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव प्रचार बहुत बढ़िया तरीके से जारी है और हमें लोगों का साथ मिल रहा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों से मिल रही खबरों के मुताबिक हमें 26 सीट मिल सकती हैं। ऐसा नहीं, तो कम से कम 25 सीट तो पक्की हैं।’’

कांग्रेस सभी 40 सीट पर चुनाव लड़ रही है। वर्ष 2018 के पिछले विधानसभा चुनाव में उसे पांच सीट पर जीत मिली थी। हाल में पार्टी का एक विधायक इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) में शामिल हो गया। कांग्रेस के बहुमत प्राप्त करने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद के अहम दावेदार माने जा रहे लालसावता ने दावा किया कि एमएनएफ और मुख्य विपक्षी दल जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) दोनों भाजपा के साथ गठबंधन करना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह राज्य के लोगों को पसंद नहीं आ रहा। मिजो लोग बहुत धार्मिक हैं और राज्य की 80 प्रतिशत से अधिक आबादी ईसाई है। वे धार्मिक स्वतंत्रता चाहते हैं और भाजपा को उसकी हिंदुत्व विचारधारा के कारण पसंद नहीं करते। लोग जानते हैं कि धार्मिक स्वतंत्रता तभी सुनिश्चित होगी जब कांग्रेस की सरकार बनेगी।’’

चौथे कार्यकाल के लिए आइजोल पश्चिम-3 सीट से चुनाव मैदान में उतरे लालसावता ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल एमएनएफ के पिछले पांच साल में ‘‘खराब प्रदर्शन’’ के कारण उस पर भरोसा नहीं कर सकती और इसीलिए वह जेडपीएम के रूप में नए सहयोगी की खोज में है। उन्होंने कहा, ‘‘इन सब बातों के बीच कांग्रेस ने खुद को नया रूप दिया है। हम जानते हैं कि मिजोरम क्या चाहता है। लोगों को हम पर और हमारी नीतियों पर भरोसा है। हम शासन की शैली बदलेंगे और इसे जन-समर्थक बनाएंगे।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो वह प्रशासन के हर क्षेत्र में सुधार शुरू करने के लिए मंत्रिपरिषद की पहली बैठक में एक कैबिनेट उप-समिति का गठन करेगी। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह ग्राम परिषदों और शहरी स्थानीय निकायों को अधिक शक्ति, जिम्मेदारियां और वित्तीय संसाधन देकर जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम एक लाख नौकरियां पैदा करने के लिए ‘स्टार्टअप’ के वित्त पोषण के प्रावधान के साथ एक युवा मिज़ो उद्यमिता कार्यक्रम शुरू करेंगे। हम अस्पतालों में उन परिवारों के नकदी रहित इलाज के लिए प्रति परिवार 15 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करने की भी योजना बना रहे हैं, जिनका कोई सदस्य स्थायी सरकारी कर्मचारी नहीं है।’’

लालसावता ने कहा कि कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे मरीजों की सहायता के लिए कांग्रेस हर साल पांच करोड़ रुपये का बजट प्रावधान करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, हम कुछ विशिष्ट योजनाओं के तहत और महिला प्रधान परिवारों के लिए 750 रुपये में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएंगे।’’ म्यांमा और बांग्लादेश से आए शरणार्थियों के अलावा मणिपुर में जातीय हिंसा के कारण आने वाले लोगों को लेकर कांग्रेस के रुख के बारे में पूछे जाने पर लालसावता ने कहा कि जब मानव संकट में हो, तो मिजोरम मुंह नहीं मोड़ सकता। मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान सात नवंबर को होगा और मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement