कलामासेरी विस्फोट: केरल के मुख्यमंत्री ने घटना को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया
नई दिल्ली, रविवार, 29 अक्टूबर 2023। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रविवार सुबह कोच्चि के कलामासेरी में एक ईसाई समुदाय के सम्मेलन केंद्र में हुए विस्फोट को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ और ‘गंभीर’ करार दिया। एर्नाकुलम से कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने घटनास्थल का दौरा किया और संवाददाताओं को सम्मेलन केंद्र में मौजूद अपने एक मित्र के हवाले से बताया कि वहां कई धमाके हुए हैं। ईडन ने यह भी कहा कि बम निरोधक दस्ता, फॉरेंसिक टीम, कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त और एर्नाकुलम जिलाधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। यह धमाका ईसाई समुदाय के धार्मिक सम्मेलन के दौरान हुआ। मुख्यमंत्री विजयन ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि डीजीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं तथा स्थिति को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रदेश सचिव एम वी. गोविंदन ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि फलस्तीन मुद्दे से ध्यान भटकाने के उद्देश्य से अंजाम दी गई किसी भी भयावह घटना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘जब केरल फलस्तीन के लोगों के साथ एकजुट होकर खड़ा है, तब इससे ध्यान भटकाने के लिए किसी भी भयावह घटना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार और लोकतंत्र को मानने वाले लोग इसकी निंदा करेंगे।’
फलस्तीन मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए इस घटना को ‘‘पूर्व नियोजित साजिश’’ करार देने से जुड़े सवाल पर गोविंदन ने कहा कि इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में राजनीतिक तौर पर देखने पर ऐसी घटना किसी आतंकी वारदात का हिस्सा लगती है। उन्होंने कहा, ‘इसकी गंभीरता से जांच किए जाने की जरूरत है।’ यह पूछे जाने पर कि क्या वह कह रहे हैं कि विस्फोट कोई हादसा नहीं है, गोविंदन ने कहा कि यह हादसा कैसे हो सकता है जब उन्हें मिली जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर बम पाए गए हैं। इस धमाके में एक व्यक्ति की मौत तथा 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
Similar Post
-
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
नोएडा, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के नोएडा में भारती ...
-
आईएएस अधिकारी सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव
जम्मू, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। एजीएमयूटी कैडर के भारतीय प्रशास ...
-
उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने बदरीनाथ और केदारनाथ में पूजा-अर्चना की
गोपेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज् ...
