राजस्थान में चुनावी तैयारियों का जायजा लेगा निर्वाचन आयोग, तीन दिवसीय दौरा कल से
जयपुर, गुरुवार, 28 सितम्बर 2023। निर्वाचन आयोग का एक उच्च स्तरीय दल राजस्थान में विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को यहां पहुंचेगा। यह दल तीन दिन यहां रहेगा और तैयारियों की समीक्षा करेगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय और निर्वाचन आयुक्त अरुण गोयल 29 सितंबर से एक अक्टूबर तक जयपुर में रहेंगे। इस दौरान वे राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। गुप्ता ने एक बयान में बताया कि 29 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त, आयुक्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारी जयपुर में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके पश्चात आयोग राज्य पुलिस, आयकर, आबकारी, परिवहन, वाणिज्यिक कर विभाग, रेलवे तथा एयरपोर्ट आदि के नोडल अधिकारियों से चर्चा करेंगे। अगले दिन यानी 30 सितंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी एवं केन्द्रीय पुलिस बल के नोडल अधिकारियों द्वारा तैयारियों को लेकर टीम के सामने प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा।
इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस महानिरीक्षकों, जिला पुलिस अधीक्षकों और चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव पूर्व तैयारियों का जायजा लेंगे। एक अक्टूबर को यह दल राज्य की मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और संवाददाताओं से बातचीत करेंगे।
Similar Post
-
मेरठ में दो उपनिरीक्षक पर व्यापारी का अपहरण और वसूली का आरोप, 15 लाख रुपये बरामद
मेरठ (उप्र), मंगलवार, 10 फरवरी 2026। मेरठ में लोहिया नगर थाने में ...
-
यदि भाषा विरोध बीमारी है तो अधिकांश राज्य इससे ग्रस्त हैं: राज ठाकरे ने भागवत पर साधा निशाना
मुंबई, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनए ...
-
प्रतिस्पर्धा के बजाय अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर आधारित है भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम: इसरो प्रमुख
बेंगलुरु, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संग ...
