मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा ने दो और उम्मीदवारों के नाम किए घोषित
भोपाल, रविवार, 27 अगस्त 2023। समाजवादी पार्टी (सपा) ने मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपने दो और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है, जिससे पार्टी द्वारा अब तक घोषित उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। यह पूछे जाने पर कि क्या सपा विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक के रूप में कांग्रेस के साथ मिलकर मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ेगी, सपा के प्रदेश अध्यक्ष रामायण सिंह पटेल ने ऐसी किसी भी संभावना से इनकार किया।
पटेल ने रविवार को कहा, ‘‘किसी भी राज्य में गठबंधन के बारे में निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाता है, लेकिन अभी तक हमें आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मध्य प्रदेश में इस तरह के गठबंधन की कोई संभावना नहीं दिख रही है। लेकिन, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष इस संबंध में निर्णय लेंगे।’’ विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में कांग्रेस और सपा सहित 26 राजनीतिक दल शामिल हैं।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है। सत्तारूढ़ भाजपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के बाद सपा तीसरी पार्टी है, जिसने अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की अभी घोषणा नहीं की है। मध्य प्रदेश विधानसभा की कुल 230 सीटों के लिए होने वाले चुनावों के वास्ते भाजपा ने अब तक 39 उम्मीदवारों और बसपा ने सात उम्मीदवारों की सूची जारी की है।
Similar Post
-
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने नशा-मुक्त भारत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया
बेंगलुरु, रविवार, 28 जून 2026। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन न ...
-
इटावा में शिव मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद, मैं अयोध्या जाऊंगा: अखिलेश
प्रयागराज (उप्र), रविवार, 28 जून 2026। समाजवादी पार्टी (सपा) के रा ...
-
उद्धव ने बागी सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग की, कहा- दल-बदल एक बड़ी साजिश का हिस्सा
परभणी, रविवार, 28 जून 2026। शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने ...
