एसबीआई का मुनाफा जून तिमाही में दोगुना से अधिक होकर 16,884 करोड़ रुपये

img

सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने शुक्रवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसका एकल शुद्ध लाभ दो गुना से अधिक होकर 16,884 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बैंक ने बताया कि उसके बेहतर प्रदर्शन में खराब ऋणों में कमी और ब्याज आय में सुधार का विशेष योगदान रहा। एसबीआई ने 2022-23 की अप्रैल-जून तिमाही में 6,068 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक 2023-24 की पहली तिमाही में बैंक की कुल आय बढ़कर 1,08,039 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 74,989 करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन तिमाही में बैंक ने 95,975 करोड़ रुपये की ब्याज आय अर्जित की, जो एक साल पहले इसी अवधि में 72,676 करोड़ रुपये थी। जून 2023 के अंत में बैंक का सकल एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) घटकर 2.76 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 3.91 प्रतिशत था।

इसी तरह, शुद्ध एनपीए भी जून 2023 में घटकर 0.71 प्रतिशत हो गया, जो एक साल पहले एक प्रतिशत था। समीक्षाधीन अवधि में एसबीआई का समेकित शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 18,537 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 7,325 करोड़ रुपये था। इस दौरान बैंक की कुल आय बढ़कर 1,32,333 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 94,524 करोड़ रुपये थी। जून तिमाही में बैंक ने अपने गैर-जीवन बीमा उद्यम एसबीआई जनरल इंश्योरेंस में 489.67 करोड़ रुपये का निवेश किया। इसके अलावा आठ क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) में 82.16 करोड़ रुपये का निवेश किया गया।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement