स्टालिन ने बीरेन सिंह को पत्र लिखकर सहायता के लिए अनुमति मांगी
चेन्नई, मंगलवार, 01 अगस्त 2023। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को पत्र लिखकर हिंसा प्रभावित पूर्वोत्तर राज्य के राहत शिविरों में रह रहे लोगों की सहायता के लिए अनुमति मांगी है। स्टालिन ने 31 जुलाई को लिखे एक पत्र में मणिपुर के मुख्यमंत्री से कहा कि उन्हें सूचित किया गया है कि पूर्वोत्तर राज्य में ‘मौजूदा स्थिति’ के कारण 50,000 से अधिक लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। स्टालिन ने कहा, ‘‘प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक वस्तुओं की जरूरत बढ़ती जा रही है। इस महत्वपूर्ण समय में तमिलनाडु सरकार लगभग 10 करोड़ रुपये की राहत सामग्री जैसे तिरपाल, चादर, मच्छरदानी, आवश्यक दवाएं, सैनिटरी नैपकिन और मिल्क पाउडर प्रदान करने के लिए तैयार है।’’ उन्होंने कहा कि यह सामग्री शिविरों में रहने वाले लोगों के लिए बहुत उपयोगी होगी और ‘‘आवश्यकता पड़ने पर इसे हवाई मार्ग से भी ले जाया जा सकता है।’’
स्टालिन ने कहा, ‘‘मैं आपसे अनुरोध करूंगा कि कृपया इस सहायता के लिए अपनी सरकार की सहमति प्रदान करें। कृपया आगे की कार्रवाई से भी हमें अवगत कराएं, ताकि मेरे अधिकारी आपके अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर यथाशीघ्र राहत सामग्री भेज सकें।’’ उन्होंने इससे पहले जातीय हिंसा के मद्देनजर मणिपुर के खिलाड़ियों के लिए तमिलनाडु में प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान करने की पेशकश की थी। मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में पर्वतीय जिलों में तीन मई को आयोजित ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के दौरान हिंसा भड़कने के बाद से राज्य में अब तक 160 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं तथा कई अन्य घायल हुए हैं।
Similar Post
-
राम मंदिर और अन्य स्थानों पर भ्रष्टाचार के आरोपों की गहन जांच क्यों नहीं की गई : सुले
नासिक, शनिवार, 11 जुलाई 2026। राकांपा (शरदचंद्र पवार) की कार्यका ...
-
राममंदिर में चढ़ावे की 'चोरी' महापाप है, उसकी शीर्ष अदालत की निगरानी में जांच हो: कन्हैया कुमार
मुंबई, शनिवार, 11 जुलाई 2026। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने अय ...
-
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने न्यायिक जांच कराने की मांग की
शिमला, शनिवार, 11 जुलाई 2026। कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने ...
