मुख्यमंत्री गहलोत करेंगे प्रदेश में 2422 करोड़ की लागत से 1514 राजस्व गांवों को सड़कों से जोड़ने के कार्यों का शिलान्यास
जयपुर, रविवार, 30 जुलाई 2023। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर 2422 करोड़ की लागत से 1514 राजस्व गांवों को सड़कों से जोड़ने के कार्यों का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में सार्वजनिक निर्माण मंत्री श्री भजनलाल जाटव एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। सार्वजनिक निर्माण विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री वैभव गालरिया ने बताया कि इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12 बजे वर्चुअली किया जाएगा इसमें संबंधित ग्राम पंचायत स्तर तक के कार्यालय ऑनलाइन जुड़ेंगे।
गालरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रदेश के गांव- ढाणियों तक विकास की राह को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य के गांवों को नवीन सड़कों से जोड़ने की घोषणा की गई थी। इसी क्रम में वर्ष 2011 की जनगणनानुसार सामान्य क्षेत्रों में 350 व अधिक आबादी तथा जनजातीय एवं मरुस्थलीय क्षेत्रों में 250 से अधिक आबादी के 778 राजस्व गांवों को 1192 करोड़ की लागत से एवं जनगणना वर्ष 2011 के पश्चात घोषित सामान्य क्षेत्रों में 500 व अधिक आबादी तथा जनजातीय एवं मरुस्थलीय क्षेत्रों में 250 से अधिक आबादी के 736 राजस्व गांवों को 1230 करोड़ की लागत से सड़कों से जोड़ने के कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा।
प्रमुख शासन सचिव ने बताया कि इन गांवों को नवीन डामर सड़कों से जोड़ा जाएगा जिससे इन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन आदि सुविधाएं मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसलों को मंडियों तक पहुंचाना आसान हो पाएगा, उनकी परिवहन लागत कम होगी जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। श्री गालरिया ने कहा कि विभाग द्वारा इन कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा किया जाएगा जिससे गांवों से शहरों की दूरी कम होगी और गांवों में उद्योगों का विकास होगा व नए रोजगार सृजित होंगे। राज्य के ग्रामीण, जनजातीय एवं मरुस्थलीय क्षेत्रों में विकास के उद्देश्य से बांसवाड़ा में 35, बाड़मेर में 827, जैसलमेर में 74, जोधपुर में 250, जयपुर में 5, उदयपुर में 100, टोंक में 21, डूंगरपुर में 21 आदि कुल 1514 राजस्व गांवों को नवीन सड़कों से जोड़ने के कार्यों का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा।
Similar Post
-
महाराष्ट्रः बीड में बस और कार की भीषण टक्कर, 5 लोगों की घटनास्थल पर मौत
बीड, रविवार, 18 अक्टूबर 2026। महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगां ...
-
लखनऊ में लगे विवादित पोस्टर पर भड़की सपा, कहा-अखिलेश की लोकप्रियता से घबराई भाजपा
लखनऊ, रविवार, 18 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के 1090 ...
-
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ यमुना सफाई अभियान में भाग लिया
नई दिल्ली, रविवार, 18 अक्टूबर 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ...
