दिल्ली के मुख्यमंत्री ने डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों से निपटने के लिए बैठक की
नई दिल्ली, शुक्रवार, 28 जुलाई 2023। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के तरीकों पर चर्चा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज और मेयर शैली ओबेरॉय ने भी बैठक में भाग लिया। सोमवार को जारी की गयी नगर निकाय की एक रिपोर्ट के अनुसार इस साल 22 जुलाई तक राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू के कुल 187 मामले सामने आए हैं जो 2018 के बाद से इस अवधि में सबसे अधिक है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई भाषा को बताया कि बैठक दोपहर में शुरू हुई और करीब एक घंटे तक चली। शहर के स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ दिल्ली की मेयर भी बैठक में मौजूद थी जिसमें डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों को फैलने से रोकने के तरीकों पर चर्चा की गई। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार जुलाई के पहले तीन हफ्तों में डेंगू के मामलों की संख्या लगभग 65 थी, वही जून में यह संख्या 40 और मई में 23 थी। इस बीच इसी अवधि में मलेरिया के 61 मामले दर्ज किए गए हैं। 2022 में दिल्ली में एक जनवरी से 22 जुलाई के बीच डेंगू के 159 मामले सामने आए थे। 2021 में इसी अवधि के दौरान दिल्ली में डेंगू के 47 मामले सामने आए थे।
2018, 2019 और 2020 में डेंगू के क्रमशः 49, 34, 28 मामले सामने आए थे। ओबेरॉय ने हाल ही में कई क्षेत्रों में बाढ़ के कारण राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू और मलेरिया के मामलों में वृद्धि की आशंका के प्रति लोगों को आगाह किया था। उन्होंने बताया कि विभागों को मच्छरों के प्रजनन की जांच करने और बाढ़ से छोड़े गए गाद और कीचड़ को साफ करने का निर्देश दिया गया है।
Similar Post
-
दिल्ली सरकार ने निजी क्षेत्र में दो दिन के 'वर्क फ्रॉम होम', ऑफिस समय में बदलाव की सलाह दी
नई दिल्ली, रविवार, 17 मई 2026। दिल्ली सरकार ने वैश्विक अनिश्चित ...
-
विजय के प्रति कोई 'ईर्ष्या' नहीं, स्टालिन से मुलाकात दोस्ताना: रजनीकांत
चेन्नई, रविवार, 17 मई 2026। दिग्गज अभिनेता रजनीकांत ने रविवार क ...
-
बिहार : गौतम अदाणी ने सारण में नेत्र अस्पताल की आधारशिला रखी
सारण(बिहार), रविवार, 17 मई 2026। अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ...
