फारूक अब्दुल्ला ने कहा- प्रधानमंत्री को संसद में मणिपुर पर बयान देना चाहिए
श्रीनगर, रविवार, 23 जुलाई 2023। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संसद में मणिपुर की स्थिति पर बयान देना चाहिए और विपक्षी दलों को भी इस मामले पर अपने विचार व्यक्त करने की अनुमति दी जानी चाहिए। अब्दुल्ला ने यहां संवाददाताओं से कहा, पूरी दुनिया इसके (मणिपुर) बारे में बात कर रही है। उन्होंने (प्रधानमंत्री) इस मुद्दे पर टिप्पणी की है और बहुत कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया है लेकिन उन्हें इसे संसद में कहना चाहिए।
अब्दुल्ला ने कहा, अब उन्हें हमारी (विपक्षी दलों की) बात भी सुननी चाहिए। हमें उम्मीद है कि हमें संसद में इस मुद्दे पर चर्चा करने की इजाजत मिलेगी। हमारा उद्देश्य आलोचना करना नहीं है बल्कि हालात के बारे में अपनी भावनाएं व्यक्त करना है। मणिपुर में दो कुकी महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाए जाने के वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने कहा कि मणिपुर हम सभी के लिए एक त्रासदी है। यह हर भारतीय के लिए प्रलय का दिन है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मणिपुर में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने की घटना ने 140 करोड़ भारतीयों को शर्मसार किया। उन्होंने कहा कि कानून अपनी पूरी शक्ति से और पूरी सख्ती से एक के बाद एक कदम उठाएगा तथा इस क्रूर घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। चार मई का एक वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद मणिपुर में तनाव बढ़ गया। इस वीडियो में दिख रहा है कि एक समुदाय की दो महिलाओं की दूसरे पक्ष की भीड़ द्वारा निर्वस्त्र अवस्था में परेड करायी गयी।
अब्दुल्ला ने कहा कि कुछ लोग सत्ता के लिए नफरत फैला रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं ऐसी सत्ता से घृणा करता हूं जिसके लिए हमें लोगों को विभाजित करना पड़ता है। ईश्वर एक है और वह सबका है। आप उसे किस रूप में देखना चाहते हैं यह आप पर निर्भर करता है। आप उसे किसी मंदिर या मस्जिद में देखना चाहते है। वह तो एक ही रहता है। फिर भी हमें बांटा जा रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
Similar Post
-
राम मंदिर और अन्य स्थानों पर भ्रष्टाचार के आरोपों की गहन जांच क्यों नहीं की गई : सुले
नासिक, शनिवार, 11 जुलाई 2026। राकांपा (शरदचंद्र पवार) की कार्यका ...
-
राममंदिर में चढ़ावे की 'चोरी' महापाप है, उसकी शीर्ष अदालत की निगरानी में जांच हो: कन्हैया कुमार
मुंबई, शनिवार, 11 जुलाई 2026। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने अय ...
-
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने न्यायिक जांच कराने की मांग की
शिमला, शनिवार, 11 जुलाई 2026। कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने ...
