कश्मीर के खीर भवानी मेला में शामिल होने के लिए नगरोटा से करीब 4,500 श्रद्धालु रवाना
जम्मू, शुक्रवार, 26 मई 2023। कश्मीरी पंडित समुदाय समेत करीब 4,500 श्रद्धालु कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को यहां नगरोटा से कश्मीर के वार्षिक खीर भवानी मेले में शामिल होने के लिए रवाना हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ज्येष्ठ अष्टमी को आयोजित होने वाला खीर भवानी मेला घाटी में तुल्मुल्ला (गंदेरबल), टिक्कर (कुपवाड़ा), लक्तीपुरा ऐशमुकाम (अनंतनाग), माता त्रिपुरसुंदरी देवसार (कुलगाम) और माता खीर भवानी मंजगाम (कुलगाम) में 28 मई को आयोजित होगा। चार दिवसीय इस तीर्थयात्रा को नगरोटा इलाके से आज मंडलीय आयुक्त (जम्मू) रमेश कुमार, राहत आयुक्त के के सिधा और प्रतिष्ठित कश्मीरी पंडित नेताओं ने हरी झंड़ी दिखायी।
रमेश कुमार ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राहत विभाग, प्रशासन और सुरक्षाबलों ने इस तीर्थयात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक बंदोबस्त किए हैं।’’ ऐसा अनुमान है कि इस साल भारत तथा विदेश के विभिन्न हिस्सों से 60,000 से 70,000 विस्थापित कश्मीरी पंडित इस वार्षिक मेले के दौरान घाटी में पांच प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन के लिए आ सकते हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक बंदोबस्त किए हैं। माता खीर भवानी वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष किरण वटाल ने कहा, ‘‘उपराज्यपाल प्रशासन और पुलिस ने उत्कृष्ट बंदोबस्त और सुरक्षा उपाय किए हैं। सब कुछ सुचारु रूप से हो रहा है। इस यात्रा के इतिहास में यह पहली बार है कि इतने व्यापक स्तर पर इंतजाम किए हैं।’’
Similar Post
-
राजनाथ सिंह 16 रक्षा पीएसयू के कामकाज की करेंगे समीक्षा, स्वदेशी तकनीक पर जोर
नई दिल्ली, सोमवार, 31 अगस्त 2026। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एक सि ...
-
रणनीतिक साझेदारी को अधिक मजबूत बनायेंगे भारत और किर्गिस्तान
नई दिल्ली, सोमवार, 31 अगस्त 2026। भारत और किर्गिस्तान ने रणनीति ...
-
प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ने से कछार क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोग प्रभावित
प्रयागराज, सोमवार, 31 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिल ...
