हम अपने बूते सरकार बनाएंगे- सिद्धरमैया
मैसुरु (कर्नाटक), शनिवार, 13 मई 2023। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने शनिवार को कहा कि पार्टी 224-सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा में 120 से अधिक सीट जीतकर अपने दम पर सत्ता में आएगी। उन्होंने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं के चुनावी दौरों का राज्य के मतदाताओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। सिद्धरमैया की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है जब कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतों की गिनती जारी है और कांग्रेस ने भाजपा पर बढ़त बना रखी है।
सिद्धरमैया ने कहा कि मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के दौरों का कर्नाटक के मतदाताओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी 120 से अधिक सीट हासिल करके जीतेगी। यह अभी शुरुआती चरण है। मतगणना के और दौर पूरे होने बाकी हैं। इसलिए कांग्रेस अपने दम पर 120 से अधिक सीट हासिल कर सत्ता में आएगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं कहता रहा हूं कि नरेन्द्र मोदी या अमित शाह या जे पी नड्डा चाहें जितनी बार राज्य में आएं, लेकिन इसका कर्नाटक के मतदाताओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि लोग भाजपा, उसके भ्रष्टाचार, कुशासन और उसकी जनविरोधी राजनीति से तंग आ चुके हैं।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा से लोग खुश नहीं थे, क्योंकि उसने विकास का कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘लोग बदलाव चाहते हैं और उन्होंने उसी के अनुसार अपना फैसला सुनाया है।’’ सिद्धरमैया मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में से एक हैं। कांग्रेस ने उन्हें वरुणा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने कहा कि में वह लगभग तीन राउंड के बाद 8,000 वोटों से आगे चल रहे हैं और इससे भी बड़े अंतर से जीतेंगे। वरुणा सीट पर सिद्धरमैया का मुकाबला भाजपा के नेता वी सोमन्ना से है। सिद्धरमैया ने दावा किया कि सोमन्ना वरुणा के साथ चामराजनगर से भी हारेंगे। सोमन्ना चामराजनगर से भी भाजपा के उम्मीदवार हैं।
Similar Post
-
दुष्यंत गौतम को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए राजभवन में बैठाया गया: सैलजा
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। कांग्रेस महासचिव कुमारी सैल ...
-
विजय ने उपचुनाव में जीत के बाद तमिलनाडु के मदुरंतकम और धारापुरम के लिए विकास पैकेज घोषित किया
चेन्नई, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जो ...
-
रेखा गुप्ता ने गोबर से गैस बनाने वाले बायोगैस संयंत्र का उद्घाटन किया
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ...
