विश्व लूपस दिवस पर ’रोगी शिक्षा’ कार्यक्रम का आयोजन
जयपुर, बुधवार, 10 मई 2023। विश्व लूपस दिवस (10 मई) के अवसर पर सवाई मानसिंह अस्पताल के क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी और रूमेटोलॉजी विभाग की ओर से बुधवार को रोगी शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सवाई मानसिंह अस्पताल में आयोजित इस कार्यक्रम में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजीव बगरहट्टा ने कहा कि लूपस एक ऑटो इम्यून बीमारी है, जिसका पता काफी देर से चलता है। शरीर के कई अंगों पर इसका प्रभाव पड़ता है। मरीज एक डॉक्टर से दूसरे डॉक्टर के पास अपना इलाज कराता रहता है तब तक बीमारी काफी आगे बढ़ जाती है। इसीलिए जनमानस में इस रोग के बारे में जागरूकता होना बहुत जरूरी है। डॉ. बगरहट्टा ने बताया कि राजस्थान में इस बीमारी के उपचार की जितनी सुविधाएं उपलब्ध हैं उतनी किसी अन्य राज्य में नहीं। इसकी दवाइयां महंगी और इलाज लंबा है। राज्य सरकार ने इसके उपचार के लिए बहुत सी सुविधाएं और साधन उपलब्ध कराए हैं जिससे मरीजों को कोई असुविधा न हो। एसएमएस अस्पताल में एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार के विशेषज्ञ उपलब्ध होने से उपचार में आसानी होती है।
इस अवसर पर एसएमएस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अचल शर्मा ने कहा कि कुछ वर्षों पहले तक चिकित्सक भी इस बीमारी के बारे में ज्यादा नहीं जानते थे। यह एक ऐसी बीमारी है जिसमें हमारे शरीर की कोशिकाएं ही हमारे शरीर के अन्य अंगों को नुकसान पहुंचाती हैं। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आराधना सिंह ने बताया कि यह बीमारी पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में अधिक होती है। दस में से नौ मरीज महिलाएं होती हैं। ऐसा महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन की अधिकता के कारण होता है। इसीलिए हमारा प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचे। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लूपस बीमारी के कारणों, लक्षण, इलाज और बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में चिकित्सक, रोगी और उनके परिजन भी उपस्थित थे।
Similar Post
-
राम मंदिर और अन्य स्थानों पर भ्रष्टाचार के आरोपों की गहन जांच क्यों नहीं की गई : सुले
नासिक, शनिवार, 11 जुलाई 2026। राकांपा (शरदचंद्र पवार) की कार्यका ...
-
राममंदिर में चढ़ावे की 'चोरी' महापाप है, उसकी शीर्ष अदालत की निगरानी में जांच हो: कन्हैया कुमार
मुंबई, शनिवार, 11 जुलाई 2026। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने अय ...
-
राम मंदिर चढ़ावा चोरी: कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने न्यायिक जांच कराने की मांग की
शिमला, शनिवार, 11 जुलाई 2026। कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने ...
