उत्तराखंड के मंत्री चंदनराम दास का निधन
नैनीताल, बुधवार, 26 अप्रैल 2023। उत्तराखंड सरकार के परिवहन मंत्री चंदन रामदास का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया है। बागेश्वर जिला अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व प्रतिपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि श्री दास पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनकी आज सुबह अचानक तबियत बिगड़ी और उन्हें बागेश्वर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कुछ समय बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें आज जिला योजना की बैठक में भाग लेना था। केबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा भी जिला योजना की बैठक में भाग लेने के लिये बागेश्वर पहुंचे थे। बैठक शुरू होने से पहले श्री बहुगुणा को उनके निधन की सूचना दी गयी। इसके बाद जिला योजना की बैठक को निरस्त कर दिया गया।
दास बागेश्वर (सुरक्षित) विधानसभा से विधायक थे और धामी सरकार में परिवहन मंत्री थे। उन्होंने मंगलवार को अंतिम बार अल्मोड़ा में स्व0 हेमवती नदंन बहुगुणा की 104वीं जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रियों के साथ प्रतिभाग किया। यहां से वह अपने गृह नगर बागेश्वर लौट आये थे। उनके निधन से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गयी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री दास के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि मंत्रिमंडल के अपने वरिष्ठ सहयोगी के आकस्मिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। उनका निधन जन सेवा एवं राजनीति के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं परिजनों व उनके समर्थकों को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।
कांग्रेस नेता व प्रतिपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने भी श्री दास के निधन पर दुख व्यक्त किया है और उनके निधन को प्रदेश की राजनीति के लिये अपूरणीय क्षति बताया। बताया जा रहा है कि श्री दास के शव को उनके आवास पर लाया गया है। उनके आवास पर भारी संख्या में उनके समर्थक व भाजपा कार्यकर्ता जुट गये हैं। केबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा उनके आवास पर ही मौजूद हैं। इस घटना से स्तब्ध मुख्यमंत्री व अन्य केबिनेट मंत्री भी उनके अंतिम दर्शन के लिये बागेश्वर पहुँच रहे हैं।
Similar Post
-
उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटना में जानमाल की हानि अत्यंत दुखद: राष्ट्रपति मुर्मू
नई दिल्ली, सोमवार, 18 मई 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोम ...
-
दिल्ली सरकार अपने कर्मचारियों के लिए चलाएगी विशेष डीटीसी बसें
नई दिल्ली, सोमवार, 18 मई 2026। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) सार्वज ...
-
भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास कैब में आग लगी, कोई हताहत नहीं
नई दिल्ली, सोमवार, 18 मई 2026। उत्तर पूर्वी दिल्ली में भजनपुरा म ...
