अमित शाह को यह कहने का हक नहीं कि टीएमसी सरकार 2025 के बाद नहीं टिकेगी: ममता
कोलकाता, सोमवार, 17 अप्रैल 2023। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ‘‘अलोकतांत्रिक’’ और ‘‘असंवैधानिक’’ टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना की कि यदि भाजपा अगले साल लोकसभा चुनाव में 35 सीट जीतती है तो टीएमसी सरकार 2025 से आगे टिक नहीं पाएगी। बनर्जी ने 14 अप्रैल को एक रैली के दौरान की गई टिप्पणियों को लेकर शाह के इस्तीफे की भी मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘शुक्रवार को, अमित शाह ने एक रैली को संबोधित किया। यह ठीक है। लेकिन देश के केंद्रीय गृह मंत्री किसी राज्य की लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को गिराने की बात कैसे कर सकते हैं? क्या देश का संविधान बदला जा रहा है?’’
बनर्जी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह कभी भी इस तरह की टिप्पणी नहीं कर सकते हैं कि अगर भाजपा 35 लोकसभा सीट जीतती है, तो राज्य सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं करेगी।’’ ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार 2026 में अपना तीसरा कार्यकाल पूरा करने वाली है। बीरभूम जिले के सूरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए पश्चिम बंगाल से 35 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य रखा है और कहा कि अगर लक्ष्य हासिल कर लिया गया, तो राज्य में ममता बनर्जी की मौजूदा सरकार 2025 से आगे नहीं टिक पाएगी।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ने दावा किया कि शाह की टिप्पणी साबित करती है कि ‘‘राज्य सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है’’, और कहा कि गृह मंत्री को ‘‘गुंडे’’ की तरह नहीं बोलना चाहिए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के समन का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘क्या वे यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री को बुलाकर पूछताछ की जा सकती है? यदि किसी मुख्यमंत्री से पूछताछ की जा सकती है, तो गृह मंत्री से भी पूछताछ क्यों नहीं की जा सकती है ?’’ बनर्जी ने विपक्षी दलों के नेताओं से 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील दोहराते हुए दावा किया कि भाजपा अगले संसदीय चुनावों में सत्ता में नहीं लौटेगी।
Similar Post
-
दुष्यंत गौतम को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए राजभवन में बैठाया गया: सैलजा
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। कांग्रेस महासचिव कुमारी सैल ...
-
विजय ने उपचुनाव में जीत के बाद तमिलनाडु के मदुरंतकम और धारापुरम के लिए विकास पैकेज घोषित किया
चेन्नई, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जो ...
-
रेखा गुप्ता ने गोबर से गैस बनाने वाले बायोगैस संयंत्र का उद्घाटन किया
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ...
