उमेश पाल हत्याकांड मामले में अतीक का पुत्र असद समेत दो ढेर
झांसी, गुरुवार, 13 अप्रैल 2023। प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड के दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक सशस्त्र मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इनमे से एक माफिया अतीक अहमद का पुत्र असद और दूसरा उसका साथी गुलाम बताया जाता है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मध्यप्रदेश की सीमा से सटे इलाके में एसटीएफ ने उमेश पाल हत्याकांड के शूटर असद और गुलाम को एक मुठभेड़ में मार गिराया है। दोनो पर पांच पांच लाख रूपये का इनाम था। एसटीएफ की टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नवेंदु और एसटीएफ के डीएसपी विमल कर रहे थे। मृतक बदमाशों के पास से अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। असद माफिया सरगना अतीक अहमद का पुत्र है जो उमेश पाल हत्याकांड में शामिल था।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को असद और गुलाम के दिल्ली में होने की जानकारी मिली थी जहां से वे मध्यप्रदेश के रास्ते भागने की फिराक में थे। एसटीएफ के पीछा करने पर उन्होने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनो की मौत हो गयी। गौरतलब है कि राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी सुरक्षाकर्मियों की 24 फरवरी को दिनदहाड़े उनके ध्रूमनगंज स्थित आवास के बाहर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में उमेश पाल की पत्नी जया पाल की तहरीर पर पुलिस ने अतीक, उनके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, दो बेटे और नौ अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इनमे से हत्याकांड में शामिल कार चालक अरबाज को पुलिस ने प्रयागराज में ढेर कर दिया था जबकि बाद में एक और शूटर विजय चौधरी उर्फ उस्मान को भी एसटीएफ ने मार गिराया था।
हत्याकांड की साजिश रचने के मामले में अतीक अहमद और अशरफ अली को आज ही पुलिस ने रिमांड पर लेने के लिये प्रयागराज में एक विशेष अदालत में पेश किया है।
Similar Post
-
अहमदाबाद में रथयात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 31 हजार से अधिक पुलिसकर्मी होंगे तैनात
अहमदाबाद, रविवार, 12 जुलाई 2026। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद् ...
-
बड़ौत में निकाह से पहले हलफनामा अनिवार्य, जमीअत और खिदमत सोसायटी ने नयी व्यवस्था लागू की
बागपत, रविवार, 12 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौ ...
-
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन, 126 मार्ग अवरुद्ध
देहरादून, रविवार, 12 जुलाई 2026। उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों ...
