राजद्रोह मामले में शरजील इमाम की याचिका पर मई में सुनवाई करेगी दिल्ली हाईकोर्ट
नई दिल्ली, सोमवार, 10 अप्रैल 2023। दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को कहा कि वह 2020 के सांप्रदायिक दंगों से संबंधित एक मामले में जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र शरजील इमाम की ओर से दायर जमानत याचिका पर चार मई को सुनवाई करेगा जिसमें देशद्रोह के आरोप जुड़े हैं। याचिका में निचली अदालत के 24 जनवरी, 2022 के उस आदेश को चुनौती दी गई है जिसने शरजील की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। याचिका न्यायमूर्ति सिद्धार्थ मृदुल और न्यायमूर्ति विकास महाजन की पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध की गई थी। पीठ ने मामले की सुनवाई मई में करना तय किया क्योंकि एक पक्ष के वकील सोमवार को उपलब्ध नहीं थे।
अदालत ने 30 जनवरी को इस बारे में दिल्ली पुलिस का रुख जानना चाहा था कि 2020 के दंगों के सिलसिले में जमानत का अनुरोध करने वाले जेएनयू के छात्र शरजील इमाम की याचिका निचली अदालत को वापस क्यों नहीं भेज दी जाए। यह मामला देशद्रोह के आरोपों से संबद्ध है। उच्च न्यायालय ने कहा कि इमाम की जमानत याचिका खारिज करने वाले निचली अदालत के आदेश में कोई आधार नहीं दिया गया है। पीठ ने कहा कि चूंकि भारतीय दंड संहिता की धारा 124ए (राजद्रोह) को उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद स्थगित कर दिया है, इसलिए वह इमाम के खिलाफ लगाये गये अन्य आरोपों को ध्यान में रखते हुए निचली अदालत के आदेश की पड़ताल करेगी।
Similar Post
-
अहमदाबाद में रथयात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 31 हजार से अधिक पुलिसकर्मी होंगे तैनात
अहमदाबाद, रविवार, 12 जुलाई 2026। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद् ...
-
बड़ौत में निकाह से पहले हलफनामा अनिवार्य, जमीअत और खिदमत सोसायटी ने नयी व्यवस्था लागू की
बागपत, रविवार, 12 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौ ...
-
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन, 126 मार्ग अवरुद्ध
देहरादून, रविवार, 12 जुलाई 2026। उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों ...
