ईवीकेएस एलानगोवन ने विधायक पद की शपथ ली
चेन्नई, शुक्रवार, 10 मार्च 2023। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री ईवीकेएस एलानगोवन ने शुक्रवार को तमिलनाडु विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। उन्होंने हाल ही में इरोड पूर्व में हुए उपचुनाव में जीत हासिल की है। विधानसभा अध्यक्ष एम. अप्पावु ने 20 मार्च को शुरू हो रहे विधानसभा के बजट सत्र से पहले राज्य सचिवालय के अपने कक्ष में श्री एलानगोवन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। श्री एलानगोवन के शपथ ग्रहण के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन, उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी, तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष के.एस.अलागिरी, कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) नेता के. सेल्वापेरुन्थगाई, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रमुख एम.कृष्णासामी और अन्य गणमान्य लोग तब मौजूद थे।
विधायक के रूप में शपथ लेने के बाद श्री स्टालिन ने श्री एलानगोवन को शाॅल भेंट की और उनका अभिवादन किया। द्रमुक के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस की ओर से उपचुनाव लड़ने वाले श्री एलानगोवन ने 27 फरवरी को हुए उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल की थी। उन्होंने मुख्य विपक्षी अन्नाद्रमुक के दो बार के विधायक के.एस.थेनारासू को 66,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया। इसके साथ ही मौजूदा विधायक एवं श्री एलानगोवन के बेटे तिरुमहान एवेरा की मृत्यु के बाद घटकर 17 रह गयी कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़कर फिर 18 हो गयी।
एलानगोवन का विधायक के रूप में यह दूसरा कार्यकाल है। इससे पहले 1985 में वह अपने गृह नगर इरोड के पास सत्यमंगलम विधानसभा क्षेत्र से जीतकर आये थे। उन्होंने 2004 में गोबीचेट्टीपलयम से लोकसभा चुनाव जीता था और कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार में केंद्रीय कपड़ा मंत्री बने। एलानगोवन ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि उनकी जीत लोगों की स्वीकृति की जीत है। यह पूछे जाने पर कि क्या अधिकतर नेताओं से वरिष्ठ होने के कारण उन्हें सीएलपी नेता बनाया जायेगा, उन्होंने कहा कि श्री सेल्वापेरून्थागई पहले से ही अच्छा काम कर रहे हैं और वह सीएलपी नेता बने रहेंगे।
Similar Post
-
वियतनाम नौका हादसे के जीवित बचे पर्यटक ने सुनाई आपबीती, कहा- 'तीन मिनट में पलट गई थी स्पीडबोट'
चेन्नई, मंगलवार, 14 जुलाई 2026। वियतनाम में हाल में हुए नौका हाद ...
-
सपा प्रमुख अखिलेश ने सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की
लखनऊ, मंगलवार, 14 जुलाई 2026। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश ...
-
चारा घोटाला: न्यायालय का लालू यादव को जमानत देने के उच्च न्यायालय के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार
नई दिल्ली, मंगलवार, 14 जुलाई 2026। उच्चतम न्यायालय ने चारा घोटा ...
