जम्मू-कश्मीर में रविवार से लगभग एक सप्ताह तक बारिश की संभावना
श्रीनगर, शनिवार, 25 फ़रवरी 2023। केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में रविवार से लगभग एक सप्ताह तक आमतौर पर बादल छाए रहने से लेकर बारिश होने का अनुमान है। स्वतंत्र मौसम वैज्ञानिक फैजान आरिफ के अनुसार जम्मू-कश्मीर के दो पश्चिमी विक्षोभों से प्रभावित होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पहला विक्षोभ 26 फरवरी को होने की उम्मीद है, जिससे जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के हिमपात का अनुमान है। उन्होंने कहा कि दूसरा विक्षोभ 27 फरवरी की शाम से 03 मार्च की सुबह तक होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि इससे मैदानी इलाकों में अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है, साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कहीं भी लगातार बारिश का अनुमान नहीं है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम से भारी हिमपात संभव है।
इस बीच रात के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा। कश्मीर में पहलगाम, गुलमर्ग और कोनिबाल मौसम केंद्रों को छोड़कर बीती रात तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में शुक्रवार को दिन का तापमान सामान्य से करीब 8.1 डिग्री अधिक 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम रिसॉर्ट में बीती रात तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। रिसॉर्ट में शुक्रवार को दिन का तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में रात का तापमान शून्य से 01 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 05 डिग्री अधिक है। शुक्रवार को दिन का तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंपोर पुलवामा के कोनिबल में रात का तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोकेरनाग में पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Similar Post
-
केदारनाथ मंदिर की आय 2024-25 में 34 प्रतिशत बढ़कर 71.06 करोड़ रुपये हुई
देहरादून, मंगलवार, 12 मई 2026। केदारनाथ मंदिर की वित्त वर्ष 2024-25 म ...
-
नीट प्रश्न पत्र लीक होने से 23 लाख छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ: तेजस्वी यादव
पटना, मंगलवार, 12 मई 2026। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और ...
-
पश्चिम एशिया संघर्ष न सुलझा तो ऊर्जा संकट बढ़ेगा: फारूक अब्दुल्ला
श्रीनगर, मंगलवार, 12 मई 2026। नेशनल कांन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक ...
