बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करेगी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’
नई दिल्ली, मंगलवार, 20 दिसम्बर 2022। कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अनिल चौधरी ने मंगलवार को कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 24 दिसंबर की सुबह बदरपुर बॉर्डर होते हुए दिल्ली में प्रवेश करेगी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली में इस यात्रा में 25,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। चौधरी ने कहा,‘‘यात्रा में सिर्फ कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता ही नहीं,बल्कि और भी लोग इसमें शामिल होकर अपना समर्थन देंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण की मियाद 18 दिसंबर को खत्म हो गई तथा ऑनलाइन पंजीकरण 23 दिसंबर तक जारी रहेगा और इसके लिए पार्टी की ओर से एक ‘लिंक’ साझा किया जाएगा। कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अब तक आठ राज्यों-तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में की जा रही पदयात्रा ने अब तक 2,800 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की है।
यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और लगभग आठ दिनों के विराम के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अंत में जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी। यात्रा में पूजा भट्ट, रिया सेन, सुशांत सिंह, स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी और अमोल पालेकर जैसी फिल्मी और टेलीविजन हस्तियों के साथ-साथ समाज के कई अन्य वर्गों के लोगों की भागीदारी देखी गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल एल रामदास, शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सुप्रिया सुले और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन सहित कई अन्य हस्तियां भी समय-समय पर इस पदयात्रा में शामिल हुई हैं।
Similar Post
-
राजस्थान के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना
जयपुर, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। एक परिसंचरण तंत्र के असर से राज ...
-
दुष्यंत गौतम को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए राजभवन में बैठाया गया: सैलजा
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। कांग्रेस महासचिव कुमारी सैल ...
-
विजय ने उपचुनाव में जीत के बाद तमिलनाडु के मदुरंतकम और धारापुरम के लिए विकास पैकेज घोषित किया
चेन्नई, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जो ...
