ED ने मलप्पुरम ज्वेलरी हाउस के मालिक का 2.51 करोड़ रुपये का सोना किया जब्त
नई दिल्ली, बुधवार, 07 दिसम्बर 2022। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने केरल के मलप्पुरम स्थित एक ज्वेलरी हाउस के मालिक के परिसर में बने एक गुप्त कक्ष से 2.51 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया है। यह कारोबारी कथित रूप से राजनयिक सामान के माध्यम से हुई सोने की तस्करी का लाभार्थी है । संघीय एजेंसी ने बयान जारी कर बताया कि यह कार्रवाई अबूबकर पाजेदाथ के खिलाफ की गयी है जो मालाबार ज्वेलरी और फाइन गोल्ड ज्वेलरी का मालिक है। दोनों आभूषण दूकान केरल के मलप्पुरम में स्थित है। अबूबकर कोझीकोड़ स्थित एटलस गोल्ड सुपर मार्केट प्राइवेट लिमिटेड का शेयरधारक भी है। केरल के तिरूवनंतपुरम में पांच जुलाई, 2020 को हवाई अड्डे पर संयुक्त अरब अमीरात के वाणिज्य दूतावास के राजनयिक सामान से करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया गया था।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और सीमा शुल्क विभाग इस जब्ती के साथ सामने आए गिरोह की अलग-अलग जांच कर रहे हैं। ईडी ने कहा कि जांच से पता चला है कि मलप्पुरम का अबूबकर स्वर्ण तस्करी के उस सिंडिकेट का हिस्सा है, जिसकी अगुवाई सरित पी एस, स्वप्ना सुरेश और संदीप नायर द्वारा की गई और जिन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एम शिवशंकर का संरक्षण प्राप्त है।
शिवशंकर केरल के मुख्यमंत्री का पूर्व प्रधान सचिव है और वह इस तस्करी के लाभार्थियों में शामिल है । एजेंसी ने दावा किया, सीमा शुल्क विभाग ने पांच जुलाई 2020 को तस्करी का जो सोना जब्त किया था, उनमें से तीन किलो अबुबकर का था। एजेंसी ने कहा कि अबूबकर ने यह स्वीकार किया है कि सीमा शुल्क द्वारा जब्त किये गये सोने में से तीन किलोग्राम सोना उसका था, इसके अलावा, उसने यह भी स्वीकार किया था कि उसने अतीत में इसी तरह से संयुक्त अरब अमीरात के वाणिज्य दूतावास के राजनयिक सामान के माध्यम से छह किलोग्राम और सोने की तस्करी कर चुका है।
इसने आरोप लगाया, तस्करी किए गए सोने को खरीदने के लिये धनराशि उसकी व्यावसायिक कंपनियों (मालाबार ज्वेलरी, फाइन गोल्ड और एटलस गोल्ड सुपर मार्केट्स प्राइवेट लिमिटेड) से जुटाई गई थी। पूछताछ में पता चला है कि अबूबकर अब भी अपनी कंपनियों के माध्यम से सोने की तस्करी से संबंधित गतिविधियों में लिप्त है। जांच एजेंसी ने कहा कि अबूबकर की उपरोक्त कंपनियों तथा उसके आवासीय परिसरों में छापेमारी की गयी और गुप्त कक्ष से 5.058 किलोग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत 2.51 करोड़ रुपये है।
Similar Post
-
राजस्थान के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना
जयपुर, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। एक परिसंचरण तंत्र के असर से राज ...
-
दुष्यंत गौतम को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए राजभवन में बैठाया गया: सैलजा
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। कांग्रेस महासचिव कुमारी सैल ...
-
विजय ने उपचुनाव में जीत के बाद तमिलनाडु के मदुरंतकम और धारापुरम के लिए विकास पैकेज घोषित किया
चेन्नई, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जो ...
