पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करने के लिए कोलकाता पहुंचे बोस
कोलकाता, मंगलवार, 22 नवंबर 2022। सी वी आनंद बोस बुधवार को पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को पश्चिम बंगाल के नए राज्यपाल नामित किए गए बोस यहां राज भवन में शपथ ग्रहण करने के लिए मंगलवार को सुबह कोलकाता पहुंच गए। अधिकारी के मुताबिक, कोलकाता के महापौर फिरहाद हकीम, उद्योग मंत्री शशि पांजा, मुख्य सचिव एच के द्विवेदी और कोलकाता के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। अधिकारी के अनुसार, राजभवन ले जाने से पहले बोस को हवाईअड्डे पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।
उन्होंने बताया कि राज भवन में बुधवार को होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, विधानसभा अध्यक्ष बीमन बंदोपाध्याय और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी सहित कई अन्य गणमान्य हस्तियां मौजूद होंगी। राज्यपाल को उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा शपथ दिलाई जाती है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1977 बैच के केरल कैडर के सेवानिवृत्त अधिकारी बोस राज्यपाल के रूप में ला गणेशन की जगह लेंगे। जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने के लिए राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद जुलाई में गणेशन को उनका उत्तराधिकारी नियुक्त किया गया था। 2011 में सेवानिवृत्त होने से पहले बोस ने कोलकाता में राष्ट्रीय संग्रहालय के प्रशासक के रूप में कार्य किया था। अधिकारियों ने कहा कि बोस को मंगलवार को राज भवन के कामकाज के बारे में जानकारी दी जाएगी।
Similar Post
-
वियतनाम नौका हादसे के जीवित बचे पर्यटक ने सुनाई आपबीती, कहा- 'तीन मिनट में पलट गई थी स्पीडबोट'
चेन्नई, मंगलवार, 14 जुलाई 2026। वियतनाम में हाल में हुए नौका हाद ...
-
सपा प्रमुख अखिलेश ने सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की
लखनऊ, मंगलवार, 14 जुलाई 2026। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश ...
-
चारा घोटाला: न्यायालय का लालू यादव को जमानत देने के उच्च न्यायालय के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार
नई दिल्ली, मंगलवार, 14 जुलाई 2026। उच्चतम न्यायालय ने चारा घोटा ...
