थोक मुद्रास्फीति 8.39 प्रतिशत पर
थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति अक्टूबर 2022 में घटकर 8.39 प्रतिशत रही जो बीते 19 माह का न्यूनतम स्तर है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को जारी प्रारंभिक आंकड़ों में बताया कि अक्टूबर 2021 में थोक मुद्रास्फीति 13.83 प्रतिशत थी। सितंबर 2022 में यह 10.79 प्रतिशत दर्ज की गयी थी। मंत्रालय के अनुसार थोक मुद्रास्फीति की दर में अक्टूबर, 2022 में गिरावट मशीनरी और उपकरणों, कपड़ा, अन्य गैर-धातु खनिज उत्पाद, खनिज आदि को छोड़कर मुख्य रूप से खनिज तेलों, आधार धातुओं, धातु उत्पादों की कीमतों में कमी के कारण हुयी है। इससे पूर्व मार्च 2021 में थोक मुद्रास्फीति 7.89 प्रतिशत दर्ज की गयी थी।
खाद्य उत्पादों की थोक मुद्रास्फीति अक्टूबर 2022 में 8.33 प्रतिशत रही जो सितंबर 2022 में 11.03 प्रतिशत थी। इस दौरान साग- सब्जी की थोक मुद्रास्फीति 17.61 प्रतिशत दर्ज की गयी जो पिछले महीने 39.66 प्रतिशत थी। आंकड़ों के अनुसार आलोच्य माह में ईंधन और ऊर्जा क्षेत्र में मुद्रास्फीति 23.17 प्रतिशत रही जो सितंबर 2022 में 32.61 प्रतिशत थी। विनिर्माण क्षेत्र में मुद्रास्फीति 4.42 प्रतिशत देखी गयी जो एक माह पहले 6.34 प्रतिशत थी। उल्लेखनीय है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने मुद्रास्फीति को नियंत्रण में रखने के लिए मई-सितंबर 2022 अवधि में ब्याज दरों को 1.90 प्रतिशत बढ़ा दिया है जो वर्तमान में 5.90 प्रतिशत है। पिछली तीन तिमाही से मुद्रास्फीति केंद्रीय बैंक के छह प्रतिशत की सीमा से ऊपर बनी हुयी है।
Similar Post
-
रुपया दो पैसे की मामूली गिरावट के साथ 94.97 प्रति डॉलर पर
मुंबई, बुधवार, 02 सितंबर 2026। रुपये ने बुधवार को सीमित दायरे मे ...
-
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से सात का बाजार पूंजीकरण 1.13 लाख करोड़ रुपये घटा
स्थानीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह जारी गिरावट के बीच सेंसेक्स की ...
-
रुपया शुरुआती कारोबार में 17 पैसे मजबूत होकर 95.56 प्रति डॉलर पर
मुंबई, गुरुवार, 20 अगस्त 2026। रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कार ...
