चिराग के भाजपा का प्रचार करने पर नीतीश ने कहा- भाजपा को लेकर कही गई बातें सही साबित हुईं
पटना, सोमवार, 31 अक्टूबर 2022। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान के प्रदेश की दो विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के निर्णय को लेकर भगवा पार्टी पर जमकर निशाना साधा। नीतीश ने कहा, ‘भाजपा के बारे में कही गई हमारी बातें सही साबित हुईं।’ नीतीश ने सोमवार को पूछा कि हम लोगों के खिलाफ वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान जो उम्मीदवार खड़े किए गए थे, वह किसने किए थे। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान के निर्णय के बारे में पूछे जाने पर नीतीश ने यह सवाल किया।
नीतीश ने पिछले अगस्त महीने में भगवा पार्टी से नाता तोड़कर सात दलों के महागठबंधन के साथ बिहार में नई सरकार बना ली थी। चिराग पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू यह आरोप लगाती रही है कि 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा ‘चिराग मॉडल’ का इस्तेमाल इसे कमजोर करने के लिए किया गया।
चिराग ने अविभाजित लोजपा के अध्यक्ष के रूप में वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश के नेतृत्व को अस्वीकार करते हुए जदयू के विरोध में अपने उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा था जिनमें से कई भाजपा के बागी थे। चिराग जो अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान द्वारा स्थापित लोक जनशक्ति पार्टी के एक अलग समूह के अब प्रमुख हैं, ने रविवार को कहा था कि वह मोकामा और गोपालगंज विधानसभा सीट जहां तीन नवंबर को मतदान होना है, से भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।
नीतीश ने चिराग के बारे में कहा, ‘उनके दिवंगत पिता रामविलास पासवान जी को मैंने काफी सम्मान दिया। शुरू से ही मैंने उनका समर्थन भी किया था। वे अब नहीं रहे, यह बहुत दुःखद है।’ उन्होंने कहा कि भाजपा को छोड़कर हमलोग वापस अपनी पुरानी जगह पर आ गए हैं और अब उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को आगे बढ़ाना है। मोकामा और गोपालगंज में उपचुनाव के परिणाम को लेकर किये गये सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता मालिक है, लेकिन हम लोगों को जो वहां के लोगों ने बताया है उसके अनुसार दोनों (मोकामा और गोपालगंज) विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार जीतने जा रहे हैं।
Similar Post
-
जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ विधेयक को लेकर छत्तीसगढ़ विस में हंगामा, कांग्रेस ने किया बहिर्गमन
रायपुर, गुरुवार, 19 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने बृहस्पतिवार ...
-
राजनाथ ने वैश्विक संघर्षों का हवाला देते हुए ड्रोन निर्माण में आत्मनिर्भरता पर जोर दिया
नई दिल्ली, गुरुवार, 19 मार्च 2026। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने र ...
-
अदालत ने दस्तावेज मांगने संबंधी लालू की याचिका खारिज की
नई दिल्ली, गुरुवार, 19 मार्च 2026। दिल्ली की एक अदालत ने कथित रूप ...
