कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीशन पचेनी का निधन
कन्नूर (केरल), गुरुवार, 27 अक्टूबर 2022। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के पूर्व महासचिव सतीशन पचेनी का बृहस्पतिवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 54 साल के थे। पचेनी 16 अक्टूबर को मस्तिष्क में रक्त रिसाव के बाद से जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे थे। भले ही पचेनी को पांच बार विधानसभा चुनावों में और एक बार लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन जिस प्रकार उन्होंने 2001 में मालमपुझा विधानसभा सीट पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वी एस अच्युतानंदन को कठिन चुनौती दी, उसके बाद वह मुख्यधारा की राजनीति में लोकप्रिय हो गये।
चुनाव के दौरान पचेनी वाम दल का गढ़ कही जाने वाली इस सीट पर अच्युतानदंन की जीत का अंतर महज 4,703 मतों तक सीमित करने में सफल रहे। कांग्रेस नेता ने एक बार फिर वर्ष 2006 के विधानसभा चुनाव में वाम नेता को उक्त सीट से चुनौती दी, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। पचेनी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस के छात्र संगठन केरल स्टुडेंट्स यूनियन (केएसयू) से की थी और बाद में वह केपीसीसी के महासचिव भी बने। पचेनी के निधन पर पार्टी लाइन से इतर विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है, जिनमें मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, केरल विधानसभा अध्यक्ष ए एन शमसीर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथला शामिल हैं।
Similar Post
-
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मानहानि मामले में सुनवाई टली
हाथरस (उप्र), सोमवार, 16 मार्च 2026। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व ...
-
राज्यपाल ने विधानसभा परिसर में ''तेलंगाना थल्ली'' की प्रतिमा का अनावरण किया
हैदराबाद, सोमवार, 16 मार्च 2026। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रता ...
