दिल्ली पुलिस ने सीबीआई मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे संजय सिंह को हिरासत में लिया
नई दिल्ली, सोमवार, 17 अक्टूबर 2022। दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह को निषेधाज्ञा का कथित तौर पर उल्लंघन करने के लिए सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के मुख्यालय के बाहर हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को बनाये जाने व उसके क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने के विरोध में सिंह और अन्य लोग सीबीआई मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ‘आप’ के सांसद संजय सिंह व अन्य प्रदर्शनकारियों को सीजीओ परिसर में गैरकानूनी तरीके से प्रदर्शन करने के लिए हिरासत में लिया गया है। सीजीओ परिसर में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू है, जिसके तहत चार या उससे अधिक संख्या में लोगों के एकत्रित होने पर रोक होती है। संघीय जांच एजेंसी ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सिसोदिया को सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे अपने मुख्यालय में पेश होने को कहा था।
सिसोदिया ने रविवार को ट्वीट किया था, ‘‘मेरे घर पर 14 घंटे सीबीआई की छापेमारी की गई, कुछ नहीं निकला। मेरे बैंक लॉकर की तलाशी ली गई, उसमें कुछ नहीं निकला। मेरे गांव में इन्हें कुछ नहीं मिला। अब उन्होंने कल पूर्वाह्न 11 बजे मुझे सीबीआई मुख्यालय बुलाया है। मैं जाऊंगा और पूरा सहयोग करूंगा। सत्यमेव जयते।’’ अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने मामले में ‘इंडो स्पिरिट्स’ के मालिक समीर महेंद्रू, गुरुग्राम स्थित ‘बडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक अमित अरोड़ा और ‘इंडिया अहेड न्यूज़’ के प्रबंध निदेशक एम. गौतम सहित कई लोगों से पूछताछ की है।
Similar Post
-
ममता के गुट ने 'शहीद दिवस' रैली के लिए बिड़ला तारामंडल के पास के मार्ग का सुझाव दिया
कोलकाता, बुधवार, 15 जुलाई 2026। तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी ...
-
एलडीएफ सरकार ने विड़िण्गम परियोजना में देरी पर 219 करोड़ रुपये का जुर्माना माफ किया था: सतीशन
तिरुवनंतपुरम, बुधवार, 15 जुलाई 2026। केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. ...
-
पुरी रथयात्रा के लिए तैयार, ओडिशा सरकार 'हाई अलर्ट' पर
पुरी, बुधवार, 15 जुलाई 2026। ओडिशा में समुद्र के किनारे बसे पुरी ...
