आप ने आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में सत्येंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया
चंडीगढ़, शुक्रवार, 07 अक्टूबर 2022। आम आदमी पार्टी (आप) ने हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट पर अगले महीने होने वाले उपचुनाव में सत्येंद्र सिंह को अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील गुप्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पूर्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में रह चुके सिंह पिछले महीने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में हरियाणा के हिसार में आप में शामिल हो गये थे। सिंह ने आप में शामिल होने के बाद कहा था कि वह पार्टी की विचारधारा से प्रभावित हैं और वह आदमपुर के विकास के लिए काम करना चाहते हैं। आप पहली बड़ी पार्टी है, जिसने कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे के चलते कराये जा रहे उपचुनाव के लिये अपने उम्मीदवार की घोषणा की है। यह उपचुनाव हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के छोटे बेटे बिश्नोई के लिए काफी मायने रखता है, क्योंकि यह सीट पिछले पांच दशकों से उनके परिवार का गढ़ रहा है।
हिसार स्थित नयोली खुर्द गांव के रहने वाले सिंह को 2014 में कांग्रेस के टिकट पर आदमपुर सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। वह बाद में भाजपा में शामिल हो गये थे। बिश्नोई 2014 में हरियाणा जनहित कांग्रेस के नेता थे, जिसका उन्होंने 2016 में कांग्रेस में विलय कर दिया था, क्योंकि वह उसमें वापस लौट गये थे। हालांकि, दो महीने पहले उन्होंने फिर से कांग्रेस छोड़ दी। आप के हरियाणा मामलों के प्रभारी गुप्ता ने हिसार में संवाददाताओं से कहा, ‘‘अब, मुकाबला यहां लोगों की जरूरत पड़ने पर मौजूद रहने वाले आदमपुर के बेटे (सत्येंद्र) और भाजपा के कुलदीप बिश्नोई के बीच है, जो आदमपुर सिर्फ पिकनिक के लिए आते हैं।’’ उपचुनाव तीन नवंबर को होगा और नतीजे की घोषणा छह नवंबर को होगी।
Similar Post
-
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मानहानि मामले में सुनवाई टली
हाथरस (उप्र), सोमवार, 16 मार्च 2026। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व ...
-
राज्यपाल ने विधानसभा परिसर में ''तेलंगाना थल्ली'' की प्रतिमा का अनावरण किया
हैदराबाद, सोमवार, 16 मार्च 2026। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रता ...
