केसीआर ने महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा देश को किया समर्पित
हैदराबाद, रविवार, 02 अक्टूबर 2022। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने महात्मा गांधी की 153वीं जयंती के अवसर पर रविवार को मुशीराबाद के गांधी अस्पताल में राष्ट्रपिता की 16 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का लोकार्पण किया। महात्मा गांधी की 16 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का वजन पांच टन है, जिसे राम सुतार फाइन आर्ट्स ने 1.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया है। इस प्रतिमा को 200 वर्ग मीटर के द्वीप क्षेत्र में स्थापित किया गया है, जिसे एक करोड़ रुपये की लागत से भूदृश्य निर्माण, प्लेंटर दीवारों, प्रकाश व्यवस्था, सिविल निर्माण-कार्य, फुटपाथ जैसी सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने सिकंदराबाद के एमजी रोड पर पुनर्निर्मित महात्मा गांधी पार्क भी देश को समर्पित किया। गांधी की प्रतिमा राष्ट्र को समर्पित करते हुए केसीआर ने कहा कि जिस देश में महात्मा गांधी का जन्म हुआ था, वहां जन्म लेना हम सभी के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी गौतम बुद्ध और ईसा मसीह की तरह ही अहिंसा के सिद्धांत पर चलकर दुनिया को प्रभावित करने वाले लोग हैं। राव ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस ने भी कहा था कि वह महात्मा गांधी के शिष्य हैं, जिन्होंने अहिंसा के साथ स्वराज का प्रस्ताव रखा था।
उन्होंने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की भी जयंती है जिन्होंने जय जवान, जय किसान जैसा महान नारा दिया था और सदैव सादगी भरा जीवन व्यतीत किया। श्री राव ने कहा कि आज पूरा देश महात्मा गांधी के साथ-साथ लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने गांधी अस्पताल के डॉक्टरों की भी प्रशंसा की जिन्होंने कोविड के दौरान में बहादुरी के साथ लोगों की सेवा की। उन्होंने कहा कि यहां के डॉक्टरों ने गांधी द्वारा बताए गए आदर्शों पर चलते हुए हिम्मत के साथ कोविड महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। केसीआर ने कहा कि तेलंगाना सरकार गांधीवादी सिद्धांतों का पालन करते हुए विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बुद्धिजीवियों और विद्वानों से आग्रह किया कि वे महात्मा गांधी के दर्शन और सिद्धांतों की आलोचना करने वाले किसी भी प्रयास की निंदा करें।
Similar Post
-
केंद्र अपनी विफलताओं के लिए पश्चिम एशिया संघर्ष को जिम्मेदार ठहराएगा: ईंधन के दाम में वृद्धि पर मान
चंडीगढ़, मंगलवार, 19 मई 2026। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ...
-
उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगे: अदालत ने उमर खालिद की जमानत याचिका खारिज की
नई दिल्ली, मंगलवार, 19 मई 2026। दिल्ली की एक अदालत ने 2020 में उत्तर- ...
-
ऑपरेशन सिंदूर 'स्मार्ट पावर' की संपूर्ण अभिव्यक्ति थी : सेना प्रमुख
नई दिल्ली, मंगलवार, 19 मई 2026। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवे ...
