मूसेवाला हत्याकांड : आरोपी गैंगस्टर दीपक टीनू पुलिस हिरासत से फरार
चंडीगढ़, रविवार, 02 अक्टूबर 2022। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का आरोपी गैंगस्टर दीपक टीनू पंजाब के मानसा जिले में पुलिस हिरासत से फरार हो गया है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, टीनू को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू किया गया है। शनिवार रात मानसा पुलिस द्वारा एक अन्य मामले में गोइंदवाल साहिब जेल से पेशी वारंट पर उसे एक स्थानीय अदालत ले जाये जाने के दौरान वह फरार हो गया। दीपक टीनू, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी है। मूसेवाला की हत्या मामले में बिश्नोई प्रमुख आरोपी है।
इस घटना के बारे में पूछे जाने पर पटियाला रेंज के महानिरीक्षक (आईजी) मुखविंदर सिंह छिना ने पीटीआई-भाषा से फोन पर कहा, “पुलिस की टीम प्रयास कर रही है और हम उसे जल्द ही पकड़ लेंगे।’ छिना के पास वर्तमान में बठिंडा रेंज के महानिरीक्षक का भी अतिरिक्त प्रभार है। पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को मूसेवाला के नाम से मशहूर पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मूसेवाला की हत्या के बाद बिश्नोई गिरोह के सदस्य गोल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। टीनू उन 24 आरोपियों में शामिल है, जिनके खिलाफ हत्या के इस मामले में आरोप-पत्र दाखिल किया गया है।
Similar Post
-
मुख्य सचिव ने किया मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व का दौरा
- चंबल सफारी में वन्य जीवन और जैव विविधता देख हुए अभिभूत
-
पुडुचेरी के पूर्व मंत्री ने चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर भाजपा से इस्तीफा दिया
पुडुचेरी, रविवार, 22 मार्च 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पद ...
-
बेंगलुरु के बाहरी इलाके में दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत
बेंगलुरु, रविवार, 22 मार्च 2026। शहर के बाहरी इलाके में 21 मार्च क ...
