सोनिया से मिले अशोक गहलोत
नई दिल्ली, बुधवार, 21 सितंबर 2022। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का स्पष्ट संकेत देने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि सोनिया गांधी से उनकी मुलाकात के दौरान अध्यक्ष पद के चुनाव से जुड़े विषयों पर ही मुख्य रूप से चर्चा हुई है। मुलाकात से पहले गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का स्पष्ट संकेत दिया और कहा कि पार्टी के लोगों का जो फैसला होगा, उसे वह मानेंगे। गहलोत ने यह भी कहा कि वह कोच्चि जाकर राहुल गांधी को इस बात के लिए मनाने का आखिरी प्रयास करेंगे कि वह पार्टी अध्यक्ष का पद संभालें। उनका कहना था कि राहुल गांधी से बातचीत करने के बाद ही वह तय करेंगे कि आगे क्या करना है।
गहलोत दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद आज शाम मुंबई जाएंगे और बृहस्पतिवार को केरल जाएंगे, जहां राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगे। उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पहले ही संकेत दे दिया है कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। थरूर ने यहां कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात की। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।
Similar Post
-
सुप्रीम कोर्ट ने सात राज्यों को न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने का निर्देश दिया
नई दिल्ली, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। सर्वोच्च न्यायालय ने सात र ...
-
कांग्रेस सेवा दल ने बाढ़ प्रभावित नेपाल में भेजी राहत सामग्री
नई दिल्ली, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। कांग्रेस के अग्रिम संगठन स ...
-
कॉजपा के प्रदर्शन में छात्रा के पिता पर हमला करने वाला व्यक्ति बुलंदशहर से भाग गया : दिल्ली पुलिस
नई दिल्ली, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। दिल्ली पुलिस द्वारा कॉकरोच ...
