भारत जोड़ो यात्रा को लेकर भाजपा जितनी टिप्पणी करेगी, उतनी ही कीमत चुकाएगी: गहलोत
जयपुर, बुधवार, 14 सितंबर 2022। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को कामयाब बताते हुए बुधवार को कहा कि इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वाले घबराए हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यात्रा को लेकर भाजपा जितनी टिप्पणियां करेगी, उतनी ही कीमत चुकाएगी। यात्रा के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने जयपुर में संवाददाताओं से कहा, भारत जोड़ो यात्रा बहुत कामयाबी के साथ चल रही है। तमिलनाडु में, केरल में, सब जगह एक जैसी (शानदार) प्रतिक्रिया मिल रही है, क्योंकि मुद्दे ही ऐसे हैं देश के सामने, चाहे वो महंगाई हो या बेरोजगारी। हम चाहते हैं कि देश में लोग प्यार से, भाईचारे से, मोहब्बत व सद्भाव से रहें (लेकिन) तनाव चल रहा है देश में, हिंसा का माहौल है देश में जो समाप्त होना चाहिए।
उन्होंने कहा, इस यात्रा का उद्देश्य ही इतना पावन है तो स्वाभाविक है कि सब लोग साथ दे रहे हैं। इसलिए भाजपा वाले घबराए हुए हैं। और वे कोई न कोई टिप्पणी करते रहते हैं, जो उन्हें उल्टा ही पड़ रहा है। यात्रा को लेकर जितनी टिप्पणी करेंगे, उतनी ही कीमत चुकानी पड़ेगी भाजपा को। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई थी और यह 150 दिन में 3,570 किलोमीटर का सफर तय कर जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी। अपनी सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए गहलोत ने दावा किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में राजस्थान एक आदर्श राज्य बन रहा है। उन्होंने कहा, हमारी हर योजना लोक कल्याणकारी योजना है, यह कोई रेवड़ी वगैरह नहीं है, जैसा दुष्प्रचार किया जा रहा है। इसका मकसद लोगों को सामाजिक सुरक्षा देना है। हमारी सरकार का यह ध्येय है कि हर उस व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा मिले, जिसे इसकी जरूरत है।
Similar Post
-
राजस्थान के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना
जयपुर, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। एक परिसंचरण तंत्र के असर से राज ...
-
दुष्यंत गौतम को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए राजभवन में बैठाया गया: सैलजा
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। कांग्रेस महासचिव कुमारी सैल ...
-
विजय ने उपचुनाव में जीत के बाद तमिलनाडु के मदुरंतकम और धारापुरम के लिए विकास पैकेज घोषित किया
चेन्नई, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जो ...
