कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 25 नवंबर को पहुंचेगी मध्यप्रदेश : पी सी शर्मा
भोपाल, मंगलवार, 06 सितंबर 2022। कांग्रेस के प्रस्तावित भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरु होकर 25 नवंबर को मालवा-निमाड़ इलाके से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। पार्टी के एक नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक होगी और इसमें राहुल गांधी सहित पार्टी के नेता लोगों से संपर्क करेंगे। यह यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी तथा लगभग 3,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कांग्रेस के विधायक एवं यात्रा के मध्य प्रदेश प्रभारी पीसी शर्मा ने मीडिया एजेंसी से बताया कि यह यात्रा महाराष्ट्र की सीमा से लगे बुरहानपुर जिले से मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी और खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा जिलों से होकर गुजरेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में यात्रा 16 दिनों में 382 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यात्रा में प्रतिदिन लगभग 25 किमी की दूरी तय करेंगे और राहुल गांधी अंतिम चार-पांच किलोमीटर की दूरी रास्ते में लोगों से बातचीत करते हुए रुक-रुक कर तय करेंगे। शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश में यात्रा के दौरान गांधी उज्जैन में एक जनसभा को संबोधित करेंगे तथा देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भी पूजा अर्चना करेंगे।
गांधी क्या मध्य प्रदेश की जीवन रेखा मानी जाने वाली पवित्र नर्मदा नदी में डुबकी लगाएंगे के सवाल पर शर्मा ने कहा कि यह उनके रुकने के स्थान पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि रुकने के स्थान को एक टीम द्वारा अंतिम रुप दिया जाएगा जो समग्र यात्रा का प्रबंधन कर रही है। उन्होंने कहा कि हम यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश में भोजन और रसद आदि की व्यवस्था करेंगे। विधायक ने बताया कि यात्रा के दौरान गांधी जरुरी सुविधाओं वाले एक विशेष कंटेनर में रात बिताएंगे। कंटेनर को पार्क करने और अन्य सामान रखने के लिए दो एकड़ क्षेत्र निर्धारित किया जाएगा।
Similar Post
-
राजस्थान के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना
जयपुर, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। एक परिसंचरण तंत्र के असर से राज ...
-
दुष्यंत गौतम को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए राजभवन में बैठाया गया: सैलजा
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। कांग्रेस महासचिव कुमारी सैल ...
-
विजय ने उपचुनाव में जीत के बाद तमिलनाडु के मदुरंतकम और धारापुरम के लिए विकास पैकेज घोषित किया
चेन्नई, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जो ...
