दिल्ली महिला आयोग ने सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के कदम उठाने को कहा
नई दिल्ली, मंगलवार, 30 अगस्त 2022। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर मंगलवार को चिंता जताई और कहा कि दिल्ली का नाम खराब होने से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। डीसीडब्ल्यू की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘एनसीआरबी (राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) के आंकड़ों के मुताबिक, 2021 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले 41 प्रतिशत तक बढ़े हैं। वहीं, बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में 32 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह गंभीर चिंता का विषय है। प्रत्येक पार्टी और सरकार को महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए।’’
मालीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली का नाम खराब होने से बचाने के लिए कड़े कदम उठाए जाने की जरूरत है। दिल्ली में आठ माह की बच्ची से लेकर 90 वर्ष की बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है। प्रत्येक महिला खुद को सुरक्षित महसूस कर सके, इस बाबत दिल्ली महिला आयोग हफ्ते में सातों दिन चौबीसों घंटे काम कर रहा है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। सभी सरकारों को आगे आना चाहिए, बेटियों को बचाना चाहिए।’’ एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में पिछले वर्ष हर दिन दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म हुआ। इसके मुताबिक, दिल्ली देशभर में महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित महानगर रहा। आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 2021 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13,892 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2020 में यह आंकड़ा 9,782 था।
Similar Post
-
ओडिशा: रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हवा में गोली चलाने के आरोप में भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
भुवनेश्वर, रविवार, 29 मार्च 2026। ओडिशा के बोलांगीर जिले के टिट ...
-
हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट
चंडीगढ़, रविवार, 29 मार्च 2026। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों ...
-
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर रणथंभौर के पास बड़ा पुल खोला गया
जयपुर, रविवार, 29 मार्च 2026। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रणथं ...
