उत्तराखंड के कई विभागों की नियुक्तियों में हुए भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच कराए केंद्र: कांग्रेस
नई दिल्ली, सोमवार, 29 अगस्त 2022। कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि उत्तराखंड विधानसभा की नियुक्तियों और कुछ सरकारी विभागों की भर्तियों में भ्रष्टाचार हुआ है और केंद्र सरकार को इस पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच करानी चाहिए। पार्टी के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने यह आरोप भी लगाया कि भर्तियों में हुए ‘घोटाले’ में भारतीय जनता पार्टी सरकार के कई लोग और अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तराखंड विधानसभा और कुछ विभागों में बिना किसी परीक्षा, साक्षात्कार के, नौकरियां दी गई हैं। यह भ्रष्टाचार है। बड़ा घोटाला है। उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य के साथ धोखा किया गया है।’’
यादव ने दावा किया कि राज्य सरकार की ओर से जांच के नाम पर आंखों में धूल झोंकी जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय सरकार के नेताओं और अधिकारियों की संलिप्तता है। ऐसे में इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हो पाई है। हमारी केंद्र सरकार से मांग है कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए।’’ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण महारा ने कहा, ‘‘अधीनस्थ चयन आयोग और कई अन्य विभागों की भर्तियों में घोटाला हुआ। इसमें भाजपा के लोग शामिल हैं।’’ कांग्रेस विधायक दल के उप नेता भुवन कापड़ी ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार ने देवभूमि को बदनाम करने का काम किया है। अब देवभूमि और उसके युवाओं को न्याय दिलाने के लिए सीबीआई जांच होनी चाहिए।’’
Similar Post
-
राजस्थान के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना
जयपुर, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। एक परिसंचरण तंत्र के असर से राज ...
-
दुष्यंत गौतम को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए राजभवन में बैठाया गया: सैलजा
नई दिल्ली, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। कांग्रेस महासचिव कुमारी सैल ...
-
विजय ने उपचुनाव में जीत के बाद तमिलनाडु के मदुरंतकम और धारापुरम के लिए विकास पैकेज घोषित किया
चेन्नई, सोमवार, 19 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जो ...
