प्रकृति की खूबसूरत देन है योग : केजरीवाल
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 जून 2022। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने योग को प्रकृति की खूबसूरत देन करार देते हुए लोगों से आह्वान किया कि स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए खुद भी योग करें और दूसरों को भी प्रोत्साहित करें। केजरीवाल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर यहाँ लोगों के साथ योगाभ्यास करने के लिए आज ''दिल्ली की योगशाला'' में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश का वह शहर बन गया, जहां पार्कों में सबसे ज्यादा लोग योग करते हैं। अब हमें हजारों की संख्या को लाखों में लेकर जाना है। हमने दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में सारा इलाज फ्री कर दिया है। अब हमारा मकसद है कि दिल्ली का हर व्यक्ति योग करे, ताकि कोई बीमार ही न पड़े। अगर योग हमारी जिंदगी का हिस्सा बन जाए, तो बीमारियां भी दूर रहती हैं और तनाव भी दूर होता है।
मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से ''दिल्ली की योगशाला'' का हिस्सा बनने के लिए अपील करते हुए कहा कि अगर आप भी योग करना चाहते हैं, तो हमें 9013585858 पर फ़ोन कीजिए। दिल्ली सरकार आपको मुफ़्त में योग टीचर मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि जिंदगी के लिए सबसे जरूरी हवा है। भगवान ने हवा फ्री कर रखी है। अब पता नहीं आने वाले समय में ऐसे पूंजीपति आएं और हवा पर भी टैक्स लगा दें। हम तो लोगों को फ्री में योग सिखाएंगे, आलोचना करने वाले करते रहें।
योगाभ्यास के उपरांत मुख्यमंत्री ने सभी देशवासियों और पूरी दुनिया के लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग करने के बाद बहुत शांति मिलती है। योग करने से तन दुरूस्त होता है और मन शांत होता है। यदि योग जिंदगी का हिस्सा बन जाए, तो तन-मन दोनों में सकून मिलता है। हम लोग जानते हैं कि किस तरह से कई जटिल बीमारियों का समाधान भी योग से निकलता है। कई ऐसी बीमारियां हैं, जिनका उपचार दवाओं में नहीं है, लेकिन योग करने से उसका समाधान निकलता है। आज जिस तरह से जिंदगी है वो दिन प्रतिदिन इतनी कठिन होती जा रही है। जिंदगी की रफ्तार तेज होती जा रही है। घर और दफ्तर में इतना तनाव रहता है, अगर योग जिंदगी का हिस्सा बन जाए और रोज सुबह हम आधा-पौन घंटा या एक घंटा योग कर लें, तो बीमारी भी दूर रहती है और तनाव भी दूर होता है। तनाव तो खत्म नहीं होता, जिंदगी में तनाव बहुत है। लेकिन योग करने से तनाव कम जरूर हो जाता है।
उन्होंने कहा कि कोरोना के समय में पिछले दो साल काफी मुश्किल में बीते। पिछली साल जब तीसरी लहर आई थी, तब हम लोगों ने एक प्रयोग शुरू किया था कि कोरोना के मरीजों को क्या योग से कुछ फायदा पहुंचाया जा सकता है? मुझे बहुत खुशी है कि दिल्ली सरकार के योग शिक्षकों और दिल्ली फार्मेसी यूनिवर्सिटी के लोगों ने बहुत अदभुत काम किया। ये लोग लगभग 4700 कोरोना के मरीजों को ऑनलाइन योग की कक्षाएं देते थे। जब मरीजों से पूछा गया, तो पता चला कि सबको इसका लाभ हुआ। हमारे लोगों ने इस पर काफी शोध भी किया। यह तो नहीं कह सकते कि योग करने से कोरोना ठीक हो जाएगा, लेकिन यदि योग करेंगे तो कोरोना की तीव्रता काफी कम हो जाती है। मैं उन सभी लोगों को बधाई देना चाहता हूं जिन लोगों ने कोरोना के समय मरीजों को प्रशिक्षण दिया। उन दिनों में उनको योग सिखाया और योग कराया।
Similar Post
-
आंध्र प्रदेश सरकार ने इमामों और मुअज्जिनों के लिए 45 करोड़ रुपये का मानदेय जारी किया
अमरावती, मंगलवार, 17 मार्च 2026। आंध्र प्रदेश सरकार ने राष्ट्रव ...
-
आयोग ने विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के लिए 1,100 से अधिक पर्यवेक्षकों को तैनात किया
नई दिल्ली, मंगलवार, 17 मार्च 2026। निर्वाचन आयोग ने अप्रैल में ह ...
-
कश्मीर भर में शब-ए-क़द्र को धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया
श्रीनगर, मंगलवार, 17 मार्च 2026। कश्मीर में 'शब-ए-कद्र' यानी रह ...
