नायडू गैबोन, सेनेगल और कतर की यात्रा पर रवाना
नई दिल्ली, सोमवार, 30 मई 2022। उप-राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू सोमवार को तीन देशों गैबोन, सेनेगल और कतर की राजकीय यात्रा पर रवाना हो गये। उप-राष्ट्रपति सचिवालय ने यहां बताया कि श्री नायडू के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी गया है जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार और राज्य सभा सांसद सुशील कुमार मोदी और श्री विजय पाल सिंह तोमर तथा लोकसभा सांसद पी. रवींद्रनाथ शामिल है। उप-राष्ट्रपति सात जून तक यात्रा रहेंगे। इस यात्रा के दौरान सभी देशों के साथ कई द्विपक्षीय समझौते किये जाने की संभावना है।
नायडू की यात्रा तीनों देशों में किसी भी उप-राष्ट्रपति की पहली यात्रा होगी। यह यात्रा भारत से गैबोन और सेनेगल की पहली उच्च स्तरीय यात्रा है। उनकी यात्रा से अफ्रीका के साथ भारत के संबंधों के सुदृढ़ होने और अफ्रीकी महाद्वीप के लिए भारत की रिश्तों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। नायडू अपनी यात्रा के पहले चरण में गैबोन पहुंचेंगे और वहां के प्रधानमंत्री रोज क्रिस्टियन ओसूका रापोंडा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति अली बोंगो से मुलाकात करेंगे। वह गैबोन में व्यापारिक समुदाय के साथ बातचीत करने और भारतीय प्रवासियों को संबोधित भी करेंगे।
उप-राष्ट्रपति यात्रा के दूसरे चरण में सेनेगल में होंगे और राष्ट्रपति मैकी साल के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। वह नेशनल असेंबली के अध्यक्ष मुस्तफा नियासे और अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे। भारत और सेनेगल इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। उप-राष्ट्रपति व्यापार गोलमेज सम्मेलन में भाग लेगें और भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में उप-राष्ट्रपति कतर की यात्रा पर जाएगें। यात्रा के दौरान श्री नायडू कतर के उप अमीर शेख अब्दुल्ला बिन हमद अल थानी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे। वह इस यात्रा के दौरान कतर के कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे और कतर में एक व्यापार गोलमेज सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
Similar Post
-
पणजी में सात सितम्बर को पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे शाह
नई दिल्ली, सितम्बर, 05 सितंबर 2026। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित श ...
-
पूर्वोत्तर के चार राज्यों की यात्रा पर जायेंगे राधाकृष्णन
नई दिल्ली, सितम्बर, 05 सितंबर 2026। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष ...
-
सुप्रीम कोर्ट ने सात राज्यों को न्यायिक अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने का निर्देश दिया
नई दिल्ली, शुक्रवार, 04 सितंबर 2026। सर्वोच्च न्यायालय ने सात र ...
