दिल्ली में शुक्रवार से फिर लू चलने की आशंका

img

नई दिल्ली, बुधवार, 11 मई 2022। दिल्ली में अधिकतम तापमान बुधवार को 40 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है और इसके बाद नमीयुक्त पुरवैया हवाओं के कारण लू और शुष्क पछुआ हवाएं चल सकती हैं। आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार से दिल्ली में एक बार फिर भीषण गर्मी का अनुमान जताया गया था, हालांकि चक्रवात असानी के प्रभाव से चल रही पुरवैया हवाओं ने राष्ट्रीय राजधानी को भीषण गर्मी से बचा लिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शुक्रवार से लू चलने की संभावना है। निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन), महेश पलावत ने कहा, ‘‘चक्रवात असानी के प्रभाव से क्षेत्र में चल रही पुरवैया हवाएं पारे को नियंत्रण में रख रही हैं। अगले कुछ दिनों में दिल्ली में तापमान में तेज वृद्धि तो नहीं होगी, लेकिन उमस बढ़ने से परेशानी हो सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पुरवैया हवाओं के बिना तापमान 46-47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया होता।’’ पलावत ने कहा कि गंभीर चक्रवात असानी के प्रभाव से पुरवैया हवाएं मंद पड़ जाएंगी। एक के बाद एक हल्की बारिश, गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं ने पिछले सप्ताह भीषण गर्मी से कुछ राहत प्रदान की थी। दिल्ली में मार्च महीने में मौसम गर्म और शुष्क था। मार्च में अनुमान के मुताबिक सामान्य 15.9 मिलीमीटर वर्षा होनी थी जो नहीं हुई। अप्रैल में 12.2 मिलीमीटर के मासिक औसत वर्षा के मुकाबले 0.3 मिलीमीटर बारिश हुई। महीने के अंत में भीषण गर्मी ने दिल्ली के कई हिस्सों में पारा 46 डिग्री और 47 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा दिया था।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement