खादी ने किया एक लाख करोड़ रुपये का कारोबार
नई दिल्ली, शनिवार, 30 अप्रैल 2022। खादी और ग्रामोद्योग आयोग के खादी ब्रांड ने वित्त वर्ष 2021-22 में रिकार्ड एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार करते हुए देश की सभी फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (एफएमसीजी) कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। आयोग के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना ने शनिवार को यहां बताया कि खादी ब्रांड ने एक ऊंचाई हासिल की है जो देश में सभी एफएमसीजी कंपनियों के लिए एक दूर का लक्ष्य बना हुआ है। उन्होंने बताया कि खादी ने पहली बार 1.15 लाख करोड़ रुपये का भारी कारोबार किया है, जो देश में किसी भी एफएमसीजी कंपनी के लिए अभूतपूर्व है।
वित्त वर्ष 2021-22 में, केवीआईसी का कुल कारोबार पिछले वर्ष यानी 2020-21 में 95,741.74 करोड़ रुपये की तुलना में 1,15,415.22 करोड़ रुपये रहा है। इस प्रकार खादी ने वित्त वर्ष 2020-21 से 20.54 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। वित्त वर्ष 2014-15 की तुलना में, वित्त वर्ष 2021-22 में खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्रों में कुल उत्पादन में 172 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। इसी अवधि के दौरान सकल बिक्री में 248 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। खादी का यह बड़ा कारोबार कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कारण पहले तीन महीनों में यानी वर्ष 2022 में अप्रैल से जून तक देश में लॉकडाउन के बावजूद हुआ है।
सक्सेना ने बताया कि पिछले आठ वर्षों वित्त वर्ष 2014-15 से वित्त वर्ष 2021-22 में खादी क्षेत्र में उत्पादन में 191 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि खादी की बिक्री में 332 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अकेले ग्रामोद्योग क्षेत्र में कारोबार वित्त वर्ष 2021-22 में 1,10,364 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि पिछले वर्ष यह 92,214 करोड़ रुपये था। पिछले आठ वर्षों में, 2021-22 में ग्रामोद्योग क्षेत्र में उत्पादन में 172 प्रतिशत और बिक्री में 245 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सक्सेना ने कहा कि खादी के अभूतपूर्व विकास का श्रेय देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर किये जा रहे प्रयास को जाता है। ''स्वदेशी'' और विशेष रूप से ‘खादी’ को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के लिए प्रधानमंत्री की बार-बार अपील ने चमत्कार किया है।
Similar Post
-
तेलंगाना में खाद्य मिलावट रोकने के लिए अलग एजेंसी बनेगी: मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मंगलवार, 31 मार्च 2026। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेव ...
-
आंध्र प्रदेश में एक और बस में आग लगी, कोई हताहत नहीं
विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश), मंगलवार, 31 मार्च 2026। आंध्र प्रदेश म ...
-
पश्चिम बंगाल चुनाव: भाजपा ने 13 और उम्मीदवार घोषित किए
नई दिल्ली, मंगलवार, 31 मार्च 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ...
