महबूबा ने उमर से शेषनाग झील का दौरा कर नुकसान का आकलन करने के लिए टीम गठित करने का आग्रह किया
श्रीनगर, गुरुवार, 26 नवम्बर 2026। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से आग्रह किया कि वह नेताओं और पर्यावरणविदों की एक टीम गठित करें, जो अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शेषनाग झील के पास निर्माण स्थल का दौरा कर वहां स्थिति का आकलन करे। महबूबा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा मार्ग और शेषनाग झील के आसपास के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा की जानी चाहिए, ताकि पवित्र गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाला बर्फ का शिवलिंग हर साल बनता रहे।
महबूबा ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को तथ्यों का पता लगाने के लिए एक टीम गठित करनी चाहिए, जिसमें पर्यावरणविद और नेता शामिल हों। यह टीम शेषनाग में जमीनी स्थिति का आकलन करे।’’ यह पूछे जाने पर कि यदि निर्माण कार्य नहीं रुकता है तो क्या वह कानूनी मंचों का रुख करेंगी, इस पर जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को पहले उन्हें स्थल का दौरा करने की अनुमति देनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘पहले उन्हें मुझे वहां जाने की अनुमति देने दीजिए, मैं वहां जाऊंगी भी। पहले मुझे शेषनाग जाने दें, फिर मैं अदालत भी जाऊंगी, क्योंकि एक बार जब मैं अपनी आंखों से वहां की स्थिति देख लूंगी और सबूत जुटा लूंगी...।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम देश के लोगों को जागरूक करना चाहते हैं कि यदि शेषनाग के आसपास इसी तरह खुदाई जारी रही, तो एक समय ऐसा आएगा जब जिस शिवलिंग के दर्शन करने आप यहां आते हैं, उसका प्रकट होना बंद हो जाएगा।’’ महबूबा ने बुधवार को आरोप लगाया था कि अब्दुल्ला सरकार ने पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील शेषनाग क्षेत्र तक सड़क बनाने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) को आगे बढ़ाया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘विकास के नाम पर यह हमारे नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र पर हमला है, जिससे शेषनाग के पूरे पारिस्थितिकी तंत्र और अमरनाथ यात्रा दोनों पर खतरा मंडरा रहा है।’’
Similar Post
-
गडकरी ने कोलकाता को जाम से निजात दिलाने के लिए 14,000 करोड़ रुपये के रिंगरोड की घोषणा की
कोलकाता, गुरुवार, 26 नवम्बर 2026। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमा ...
-
शिवकुमार ने प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं से आंदोलन वापस लेने की अपील की, समाधान का वादा किया
बेंगलुरु, गुरुवार, 26 नवम्बर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. क ...
-
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए पितृत्व अवकाश की घोषणा की
चेन्नई, गुरुवार, 26 नवम्बर 2026। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जो ...
