शेषनाग झील जा रहीं महबूबा मुफ्ती को पुलिस ने रोका
श्रीनगर, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शेषनाग झील जाते समय पुलिस ने रोक दिया। महबूबा मुफ्ती हिमनद झील के आसपास भारी मशीन और खुदाई करने वाली मशीन के इस्तेमाल के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद वहां की स्थिति का जायजा लेने जा रही थीं। महबूबा अपनी पार्टी के विधायकों वहीद पारा और सैयद मुंतजिर मेहंदी के साथ मंगलवार सुबह दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रा मार्ग से होते हुए शेषनाग के लिए रवाना हुई थीं।
पीडीपी नेताओं ने चंदनवाड़ी से शेषनाग तक पैदल जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पत्रकारों से बातचीत में बड़े पैमाने पर खुदाई की खबरों पर चिंता जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में भारी बुलडोजर तैनात करने से पर्यावरण और तीर्थयात्रा की धार्मिक पवित्रता, दोनों को खतरा है।
उन्होंने कहा, ''शेषनाग में जो कुछ हो रहा है, उसके बारे में हमें जो जानकारी मिल रही है, वह बेहद डरावनी है। वहां बड़ी-बड़ी मशीन और बुलडोजर ले जाए गए हैं। यह जगह अमरनाथ गुफा से कुछ किलोमीटर दूर है और वहां खुदाई की जा रही है।'' पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शेषनाग सहित जंगल, पहाड़ और हिमनद अमरनाथ यात्रा के दौरान प्राकृतिक रूप से बनने वाले बर्फ के शिवलिंग के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सवाल किया, ''अगर आप जम्मू-कश्मीर के पर्यावरण, इसके हिमनदों, पहाड़ों और जंगलों को इस तरह नष्ट कर देंगे और वहां इतनी बड़ी मशीन ले जाएंगे, तो शिवलिंग कैसे प्रकट होगा? फिर आप यहां किसलिए आएंगे?'' इस स्थल के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए महबूबा ने कहा कि हिंदू परंपरा में शेषनाग का विशेष महत्व है। उन्होंने वार्षिक अमरनाथ यात्रा को कश्मीरियत और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का सदियों पुराना प्रतीक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी क्षेत्र के प्राकृतिक स्वरूप को बदलने के लिए ''विकास'' और तीर्थयात्रा को बहाने के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने इसकी तुलना उत्तराखंड में हुई पर्यावरणीय आपदाओं से की।
उन्होंने कहा, ''आपने उत्तराखंड की स्थिति भी खराब कर दी। वहां भी आपने आस्था से जुड़ी तीर्थयात्रा को पर्यटन स्थल में बदल दिया। आप यहां भी वही कर रहे हैं।'' केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से हस्तक्षेप करने और परियोजना की योजनाओं की समीक्षा करने की अपील करते हुए पीडीपी प्रमुख ने सरकार से कश्मीर के संवेदनशील हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र से समझौता नहीं करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ''हमारे पर्यावरण के अलावा, इन हिमालयी पहाड़ों, जंगलों और हिमनदों के अलावा जम्मू-कश्मीर के पास कुछ और नहीं है।'' उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने यात्रा मार्ग पर हमेशा पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी थी।
Similar Post
-
शिवकुमार ने प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं से जापान से वीडियो कॉल पर बात की, प्रदर्शन खत्म करने की अपील की
बेंगलुरु, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. क ...
-
केरल सरकार में यूडीएफ के सभी दलों की है भागीदारी; मैं किसी भी गुट का हिस्सा नहीं: थरूर
तिरूवनंतपुरम, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ...
-
कॉजपा न तो आगामी उप्र विधानसभा चुनाव लड़ेगी, न किसी पार्टी को समर्थन देगी: दीपके
छत्रपति संभाजीनगर, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी ...
