कोलकाता भगदड़: पुलिस ने आवाज के नमूने एकत्र करने की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया
कोलकाता, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। कोलकाता पुलिस ने एक स्थानीय अदालत का रुख कर चोरबागान दुर्गा पूजा भगदड़ मामले में गिरफ्तार दो लोगों की आवाज के नमूने एकत्र करने की अनुमति देने का आग्रह किया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या पंडाल में लाउडस्पीकर से की गई उद्घोषणाओं की वजह से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मची थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ता गिरफ्तार किये गए आरोपियों -- पूजा समिति के कोषाध्यक्ष संजीब राहा, और कुशल मजूमदार -- के आवाज के नमूने का मिलान 17 अक्टूबर की गई उद्घोषणाओं की ऑडियो रिकॉर्डिंग से करना चाहते हैं। उस दिन मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा, ‘‘हम उपलब्ध ऑडियो और वीडियो फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि घोषणाएं किसने की थी, और क्या ये आवाज आरोपियों की आवाज से मेल खाती हैं। घटनाओं के क्रम को फिर से समझने में फॉरेंसिक जांच के नतीजे अहम होंगे।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के समय की गई उद्घोषणाओं की तीन-चार ऑडियो और वीडियो क्लिप एकत्र की है।
कोलकाता पुलिस के अधिकारी ने कहा कि जांचकर्ताओं ने उस क्लिप की पहचान कर ली है जिसमें उद्घोषणा सुनी जा सकती है, और ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लाउडस्पीकर पर की गई इस कथित उद्घोषणा से कि चोरबागान पूजा पंडाल का एक हिस्सा ढह रहा है, लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। अधिकारी ने कहा, ‘‘अदालत से अनुमति मिलने के बाद, आवाज के नमूने का मिलान रिकॉर्डिंग से किया जाएगा।’’ जांच के हिस्से के रूप में, पुलिस ने अब तक लगभग 60 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इनमें भगदड़ में घायल हुए 25 लोगों में से कई लोग, होम गार्ड, स्वयंसेवी, निजी सुरक्षाकर्मी और स्थानीय निवासी शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर भीड़ प्रबंधन में शामिल कर्मियों से भी पूछताछ की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अधिकारी घटनाओं के क्रम, लाउडस्पीकर के जरिए की गई उद्घोषणाओं की प्रकृति और भीड़ पर उनके संभावित असर का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपपत्र तैयार करने से पहले, एकत्र किये गए सबूतों की जांच की जाएगी।’’ पुलिस ने इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। इस बीच, चोरबागान पूजा पंडाल में मूर्तियों के विसर्जन की तैयारियां चल रही हैं। अधिकारी ने बताया कि यहां नीमतला घाट पर कड़ी पुलिस निगरानी में मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा।
Similar Post
-
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
नोएडा, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के नोएडा में भारती ...
-
आईएएस अधिकारी सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव
जम्मू, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। एजीएमयूटी कैडर के भारतीय प्रशास ...
-
उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने बदरीनाथ और केदारनाथ में पूजा-अर्चना की
गोपेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज् ...
