अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो तीन दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचे; व्यापार समझौते पर रहेगी नजर
मुंबई/नई दिल्ली, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो मंगलवार को भारत के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे, जिसका उद्देश्य ऊर्जा, व्यापार, निवेश, रक्षा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ बनाना और पश्चिम एशिया संकट पर विचार-विमर्श करना है। इस साल रुबियो का यह दूसरा भारत दौरा है। यह ऐसे समय हो रहा है, जब दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में लगातार तनाव बना हुआ है। मई में अपने पिछले दौरे के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत की थी। इसके अलावा, उन्होंने क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लिया था।
अमेरिकी विदेश मंत्री के साथ व्यापार जगत के प्रतिनिधियों का एक बड़ा दल भी आया है। उनके इस दौरे में भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर मुख्य रूप से ध्यान दिए जाने की संभावना है। मंगलवार दोपहर मुंबई में जयशंकर और रुबियो के बीच होने वाली बैठक में भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा होने की उम्मीद है। रुबियो के मुंबई पहुंचने के कुछ ही देर बाद भारत में अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मुंबई में आपका स्वागत है, विदेश मंत्री रुबियो।'
जयशंकर से मुलाकात के अलावा रुबियो का मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए ताज स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करने का भी कार्यक्रम है। इस हमले में 160 से अधिक लोगों की जान गई थी जिनमें छह अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे। अमेरिका के शीर्ष राजनयिक अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक स्वागत समारोह में भी शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पिछले सप्ताह कहा था कि बातचीत में ऊर्जा, व्यापार एवं निवेश, रक्षा, महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित द्विपक्षीय सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों और आपसी हित के अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
दोनों पक्षों के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते और पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा होने की संभावना है। जायसवाल ने कहा था, 'यह दौरा दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय बातचीत जारी रखने और हमारी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने का अवसर देगा।' रुबियो बुधवार को गुजरात के जामनगर जाएंगे। भारत दौरे से पहले उज्बेकिस्तान में रुबियो ने कहा था कि अमेरिका भारत के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के 'बहुत करीब' है। उन्होंने यह संकेत भी दिया कि रूसी तेल खरीदने के मामले में अमेरिका की ओर से टैरिफ में दी गई छूट का इस फैसले से संबंध था।
पिछले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के खिलाफ कुछ प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था। इसमें रूसी तेल खरीदने वाले पांच सबसे बड़े देशों, जिनमें भारत भी शामिल है, से संबंधित प्रतिबंध भी थे। भारत और अमेरिका 2025 की शुरुआत से प्रस्तावित व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। इसका उद्देश्य टैरिफ से जुड़े विवादों को सुलझाना, गैर-टैरिफ बाधाओं को दूर करना और दोनों देशों के बाजारों तक पहुंच बढ़ाना है। भारत चाहता है कि अमेरिकी बाजार में उसके सामान पर उसके प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर टैरिफ दरें लागू हों। विदेश मंत्री जयशंकर ने कुछ दिन पहले कहा था कि दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता समझौते के अंतिम चरण के करीब पहुंच रही है।
पिछले साल वाशिंगटन की ओर से भारत पर दंडात्मक टैरिफ लगाए जाने और राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव कम कराने में अपनी भूमिका का दावा किए जाने के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में बड़ी गिरावट आई थी। ट्रंप के इस दावे पर भारतीय अधिकारियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। अमेरिका की नई आव्रजन नीति और एच-1बी वीजा शुल्क बढ़ाने के फैसले ने भी भारत-अमेरिका संबंधों में आई गिरावट में योगदान दिया। इसके बाद अमेरिका के उस फैसले से दोनों देशों के संबंधों में फिर तनाव बढ़ गया, जिसमें टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और विप्रो सहित प्रमुख वैश्विक और भारतीय आईटी कंपनियों के लिए ग्रीन कार्ड की प्रक्रिया से जुड़े एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया।
Similar Post
-
उप्र के विभिन्न जिलों में चोर गिरोह के छह सदस्य तीन मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
बहराइच (उप्र), मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प् ...
-
माकपा ने जनगणना नियमों में किए गए संशोधनों को वापस लेने के लिए राष्ट्रपति को पत्र लिखा
नई दिल्ली, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पा ...
-
दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से पहले अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी कोलकाता पुलिस
कोलकाता, मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026। कोलकाता में चोरबागान दुर्गा ...
