गुजरात के भरूच में रसायन फैक्टरी में विस्फोट से पांच श्रमिकों की मौत, पांच घायल
भरूच, शनिवार, 17 अक्टूबर 2026। गुजरात के भरूच जिले में रसायन फैक्टरी में विस्फोट होने से पांच श्रमिकों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वागरा तालुका के सायखा जीआईडीसी क्षेत्र में स्थित सिंजील फार्माकेम में शुक्रवार रात करीब 10 बजे हाइड्रोजनीकरण की प्रक्रिया के दौरान विस्फोट हुआ और इसके बाद मेथिलीन डाइक्लोराइड (एमडीसी) गैस का रिसाव भी हुआ। भरूच की उप-मंडल मजिस्ट्रेट मनीषा मनानी ने बताया कि सायखा में सिंजील फार्माकेम की स्थापना केवल एक साल पहले हुई थी। यह कंपनी दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उत्पाद बनाती है। उन्होंने कहा कि संदेह है कि विस्फोट हाइड्रोजनीकरण की प्रक्रिया के दौरान हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रिएक्टर टैंक फट गया और मशीनों के कलपुर्जे परिसर में दूर-दूर तक बिखर गए। पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाणा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अमोद के जयदीप महेशभाई पटेल और भाविक दिलीपकुमार वसावा, गिर सोमनाथ जिले में तलाला के वृंद तलाविया तथा उत्तर प्रदेश के अनिकेत हरिलाल गौतम और अर्जुनकुमार रामसिंह गौतम के रूप में हुई है।
मकवाणा ने बताया कि घायलों में पवनकुमार रामसिंह गौतम, मौसमकुमार रामसेवक यादव, शिवदयाल रामअवतार यादव, प्रतीक प्रवीण प्रजापति और प्रियांशु बहादुरलाल शामिल हैं। ये बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और उनका उपचार किया जा रहा है। औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय (डीआईएसएच) के एक अधिकारी ने बताया कि हाइड्रोजनीकरण की प्रक्रिया के दौरान हुए विस्फोट के कारण मेथिलीन डाइक्लोराइड (एमडीसी) गैस का रिसाव हुआ। गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, डीआईएसएच और पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।
Similar Post
-
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज, वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में
नई दिल्ली, शनिवार, 17 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवा ...
-
मणिपुर को इतनी सुरक्षा की जरूरत थी:दिल्ली में प्रदर्शनों के मद्देनजर पुलिस तैनाती पर तृणमूल का तंज
कोलकाता, शनिवार, 17 अक्टूबर 2026। तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुण ...
-
अदालत ने 2018 के मानहानि मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया
नई दिल्ली, शनिवार, 17 अक्टूबर 2026। दिल्ली की एक अदालत ने भारतीय ...
