तमिलनाडु में टीवीके जीत की ओर अग्रसर, पुडुचेरी में राजग की सहयोगी एआईएनआरसी जीती
चेन्नई, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों में शुक्रवार को जीत की ओर बढ़ती दिख रही है। मतगणना पूरी होने के करीब पहुंचने के साथ ही मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली पार्टी और उसकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के उम्मीदवारों के बीच मतों का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। धारापुरम में टीवीके उम्मीदवार पी. सत्यभामा और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के बीच शुरुआत में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कई दौर की मतगणना के बाद अन्नाद्रमुक उम्मीदवार आगे निकल गई थीं, लेकिन बाद में सत्यभामा ने स्पष्ट बढ़त बना ली। मतगणना का 20वां दौर समाप्त होने के बाद वह 10,003 मतों से आगे थीं।
मदुरांतकम में टीवीके उम्मीदवार मरगथम कुमारवेल ने शुरुआत से ही लगातार बढ़त बनाए रखी और 12वें दौर तक उनकी बढ़त 13,000 मतों से अधिक हो गई। द्रमुक उम्मीदवार आई. परंथामन दूसरे और अन्नाद्रमुक की एस. कनिथा संपत तीसरे स्थान पर बनी रहीं। टीवीके के पक्ष में रुझान कायम रहने से ऐसा प्रतीत होता है कि विधायकों की खरीद-फरोख्त और विश्वासघात के विपक्ष के आरोपों का मतदाताओं पर कोई खास असर नहीं पड़ा। सरकार को बाहर से समर्थन दे रही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी इसी तरह के आरोप लगाए थे।इसके अलावा, कांग्रेस और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) समेत लंबे समय से सहयोगी रहे दलों का साथ छूटने के बीच चुनाव जीतने की द्रमुक की कोशिश नाकाम होती दिख रही है। यह पहली बार है जब द्रमुक, कांग्रेस जैसे किसी प्रमुख दल के समर्थन के बिना चुनाव लड़ रही है।
पड़ोसी पुडुचेरी में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी ऑल इंडिया एन. आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) ने कुछ ही माह पहले सत्ता संभालने के बाद अपने पहले राजनीतिक इम्तिहान में परचम लहराया और पार्टी उम्मीदवार अशोक आनंद ने थट्टानचावाडी विधानसभा उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के ई. विनायगम को 8,000 से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया। द्रमुक उम्मीदवार के. सेतु तीसरे स्थान पर रहे। तमिलनाडु में दोनों सीट पर टीवीके की जीत की संभावना मजबूत होने से उत्साहित सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटीं।
अल्पमत सरकार चला रही टीवीके अगर दोनों सीट जीत जाती है, तो विधानसभा में उसके विधायकों की संख्या में दो की बढ़ोतरी होगी। इससे पांच अन्य विधानसभा सीट पर प्रस्तावित उपचुनावों से पहले पार्टी का मनोबल भी बढ़ेगा। टीवीके के 107 विधायक हैं और उसकी सरकार कांग्रेस सहित अन्य दलों के समर्थन तथा वाम दलों के बाहरी समर्थन के सहारे चल रही है। तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए 118 सदस्यों की आवश्यकता होती है। विधायकों के इस्तीफों के बाद सदन की प्रभावी सदस्य संख्या फिलहाल 227 है।
Similar Post
-
तमिलनाडु में टीवीके जीत की ओर अग्रसर, पुडुचेरी में राजग की सहयोगी एआईएनआरसी जीती
चेन्नई, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिल ...
-
गौरव यादव पंजाब के डीजीपी नियुक्त, पदभार संभाला
नई दिल्ली, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। भगवंत मान सरकार ने यादव को ...
-
कॉजपा के प्रदर्शन से पहले पुलिसकर्मियों को संयम के साथ भीड़ को नियंत्रित करने का निर्देश
नई दिल्ली, शुक्रवार, 09 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय राजधानी में कॉक ...
